शाहजहांपुर में हादसा: बाइकों की टक्कर से कांवड़िये की मौत, भतीजा समेत दो घायल; गंगाजल लेने जा रहे थे तीनों
शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र में रविवार रात हादसा हो गया। गंगाजल लेने जा रहे कांवड़ियों की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर घायल हो गए।
विस्तार
शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र में गंगाजल लेने घटियाघाट जा रहे कांवड़ियों की बाइक फर्रुखाबाद की तरफ से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे 17 वर्षीय अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उसके भतीजे सोहिल व दूसरे साथी विवेक के गंभीर चोटें आई है। दोनों घायलों को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे अल्हागंज थाना क्षेत्र के गांव सुगसुगी के समीप हुआ। जलालाबाद कस्बे के विभिन्न मोहल्लों के निवासी युवाओं ने गोला गोकर्णनाथ में डाक कांवड़ चढ़ाने की योजना बनाई थी। रविवार रात कस्बे के रामलीला मैदान पर यह सभी इकट्ठे हुए और रात करीब 11 बजे बाइकों से सभी घटियाघाट के लिए रवाना हो गए।
एक बाइक पर सवार थे तीन कांवड़िये
एक बाइक पर कस्बे के मोहल्ला खेड़ा निवासी श्यामबाबू का 17 वर्षीय बेटा अंकित, उसका 18 वर्षीय भतीजा सोहिल के साथ रामलीला मैदान के पास रहने वाले राजकुमार का 16 वर्षीय बेटा विवेक सवार थे। बताते हैं कि अंकित बाइक चला रहा था। इस बीच सामने से तेज रफ्तार आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार हवा में उछलकर दूर जा गिरे।
यह भी पढ़ें- UP: 'माथे पर तिलक और हाथ में कलावा', धार्मिक पहचान छिपा 18 युवतियों को प्यार में फंसाया; ऐसे खुला नावेद का राज
हादसे में अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। सोहिल और विवेक गंभीर घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार युवक मामूली रूप से चोटिल हुए। जो घटना के बाद भाग गए। वहीं दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायलों में साहिल की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने रात में ही दोनों घायलों को बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। अंकित की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।