यूपी: कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की गोद से उछला मासूम, बस की छत पर जा गिरा; हादसा देख हैरान रह गए लोग
शाहजहांपुर के सिंधौली क्षेत्र में मुड़िया मोड़ पर एक कार से बाइक को टक्कर लग गई। इससे बाइक पर बैठी महिला की गोद से तीन साल का बच्चा उछलकर पास में खड़ी ई-बस की छत पर जा गिरा। यह हादसा देखकर लोग हैरान रह गए।
विस्तार
शाहजहांपुर के सिंधौली थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर कस्बे के मुड़िया मोड़ पर एक ऐसा हादसा हुआ, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। कार की टक्कर से बाइक पर सवार महिला की गोद से उछला तीन वर्षीय मासूम बच्चा पास में खड़ी ई-बस की छत पर जा गिरा। गनीमत रही कि मासूम को खरोंच तक नहीं आई और स्थानीय लोगों ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया। हालांकि, इस हादसे में उसके माता-पिता समेत चार लोग घायल हो गए। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
भाई दूज पर जा रहा था परिवार
सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव नियामतपुर निवासी शैलेंद्र बुधवार को अपनी पत्नी लक्ष्मी और तीन वर्षीय बेटे के साथ बाइक से भाई दूज का त्योहार मनाने ससुराल पीलीभीत जिले के थाना पूरनपुर क्षेत्र के जमुनिया जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मुड़िया मोड़ के पास पहुंची, सामने से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर मां लक्ष्मी की गोद में बैठा मासूम शैलेंद्र उछलकर पास में सवारियां उतार रही ई-बस की छत पर जा गिरा। बताया जाता है कि बस की करीब 12 फीट ऊंची थी।
अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने बस चालक को घटना की जानकारी देकर बस रुकवाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी सावधानी से मासूम को बस की छत से नीचे उतारा। बच्चे को पूरी तरह सुरक्षित देख लोगों ने इसे चमत्कार बताया। उन्होंने कहा कि जाको राखे साइयां मार सके ना कोय।
हादसे में घायल राजेश और लक्ष्मी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। यहां लक्ष्मी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कार में सवार दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.