Sambhal violence: मुल्ला अफरोज की जमानत अर्जी पर सुनवाई आज, दो युवकों की हत्या में है आरोपी
संभल हिंसा के दौरान फायरिंग करने के आरोपी मुल्ला अफरोज की जमानत अर्जी पर आज सुनवाई होगी। अफरोज साटा गिरोह का सक्रिय सदस्य है और वह हिंसा में शामिल रहा। पुलिस ने उसे 18 जनवरी को गिरफ्तार किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संभल हिंसा के दौरान फायरिंग कर दो लोगों की हत्या करने के आरोपी शारिक साटा गिरोह के सक्रिय सदस्य मुल्ला अफरोज की तीसरी जमानत अर्जी पर सोमवार को जनपद न्यायाधीश की कोर्ट में सुनवाई होगी। हत्या के दूसरे मुकदमे में मंगलवार को सुनवाई होगी।
24 नवंबर को संभल की शाही जामा मस्जिद के हरिहर मंदिर होने के दावे को लेकर सर्वे के दौरान भड़की हिंसा में पथराव, फायरिंग व आगजनी में चार लोगों की मौत हो गई थी। जबकि दो दर्जन से अधिक अधिकारी व पुलिस कर्मी घायल हुए थे।
इस हिंसा में मारे गए युवक बिलाल और अयान के परिवार वालों की ओर से नखासा थाना क्षेत्र के हुसैनी रोड निवासी मुल्ला अफरोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने 18 जनवरी को मुल्ला अफरोज को ईदगाह से मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया था।
इसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल 32 बोर तीन कारतूस और एक मोबाइल बरामद हुआ था। पुलिस ने मुल्ला अफरोज की निशानदेही पर लूटे गए 15 ब्लैंक कारतूस व तीन चार्जर क्लिप बरामद किए थे। मुल्ला अफरोज की दो बार जमानत अर्जी पत्रावली पूरी न होने पर वापस ले ली गई थी।
जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी राहुल दीक्षित ने बताया कि बिलाल की हत्या में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 340/24 में लगाई गई मुल्ला अफरोज की जमानत अर्जी पर सोमवार को सुनवाई होगी। जबकि अयान की हत्या में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 339/24 की जमानत अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई होगी।
आज न्यायालय में पेश हो सकता है मुल्ला अफरोज
जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी राहुल दीक्षित ने बताया कि दो युवकों की हत्या के मामले में मुल्ला अफरोज पर आरोप तय होने के लिए 19 मई की तारीख लगी है। इस मुकदमे का मुख्य आरोपी शारिक साटा फरार चल रहा है। मुकदमे की विवेचना जारी है। बताया कि सोमवार को आरोप तय होने के मामले में मुल्ला अफरोज न्यायालय में पेश हो सकता है। बता दें कि मुल्ला अफरोज पर 11 मुकदमे दर्ज हैं।