फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   son river water level rise bansagar dam indrapuri barrage alert bihar flood today bihar news

बिहार में बाढ़ की स्थिति: हर नदी दिखा रही अपना रौद्र रूप; कई बांधों पर दबाव व हजारों बेघर, खेत-जमीन जलमग्न

Sun, 06 Sep 2026 08:47 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना/गयाजी/औरंगाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना/गयाजी/औरंगाबाद Published by: अमर उजाला ब्यूरो Updated Sun, 06 Sep 2026 08:47 PM IST
सार

नेपाल में प्राकृतिक आपदा और लगातार बारिश के बीच बिहार की नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। बाणसागर बांध और इंद्रपुरी बराज से पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी को लेकर प्रशासन अलर्ट है और नदी किनारे बसे लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

विज्ञापन
son river water level rise bansagar dam indrapuri barrage alert bihar flood today bihar news
बिहार के कई गांवों में घुसा नदियों का पानी

विस्तार

नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा और लगातार हो रही बारिश के असर से बिहार की कई नदियां उफान पर हैं। गंडक, गंगा, सोन, फल्गु, मोरहर और निरंजना नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के बीच अब सोन नदी को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। बाणसागर बांध और इंद्रपुरी बराज से पानी छोड़े जाने के बाद नदी किनारे बसे लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

विज्ञापन

बाणसागर से सोन में छोड़ा जा रहा पानी, बढ़ी निगरानी
झारखंड और मध्य प्रदेश के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश का असर मगध सहित बिहार के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। सोन नदी में जल प्रवाह बढ़ने के बाद प्रशासन ने नदी किनारे वाले इलाकों में निगरानी तेज कर दी है। रीवा स्थित बाणसागर मुख्य बांध में जलस्तर नियंत्रित रखने के लिए रविवार को जल प्रबंधन में बदलाव किया गया। बांध के खुले हुए छह रेडियल गेटों में से चार गेट बंद कर दिए गए, जबकि गेट संख्या 9 और 10 की ओपनिंग को एक मीटर से घटाकर 0.25 मीटर कर दिया गया।

विज्ञापन

दो गेटों से 105 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज
बाणसागर बांध के स्पिलवे से फिलहाल दो रेडियल गेटों के माध्यम से 105 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, स्पिलवे और पावर हाउस-3 से सोन नदी में छोड़े जा रहे पानी का कुल प्रवाह 279.59 क्यूमेक्स दर्ज किया गया है। जल संसाधन विभाग ने सोन नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के करीब न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

विज्ञापन
विज्ञापन

इंद्रपुरी बराज के 52 गेट खुले, करीब दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा
बिहार के रोहतास जिले में स्थित इंद्रपुरी सोन बराज की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। रविवार दोपहर तीन बजे तक बराज के कुल 69 गेटों में से 52 गेट खुले हुए थे। बराज का अपस्ट्रीम जलस्तर 355 फीट दर्ज किया गया है। इंद्रपुरी बराज से डाउनस्ट्रीम की ओर 1,96,149 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि अपस्ट्रीम डिस्चार्ज 2,03,382 क्यूसेक दर्ज किया गया। हालांकि, जलस्तर का रुझान फिलहाल गिरावट की ओर बताया गया है।

बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद बिहार के सीमावर्ती और नदी किनारे वाले जिलों में प्रशासन पहले से सतर्क है। कई जगहों पर निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है। सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थानीय प्रशासन, जल संसाधन विभाग और मैदानी अमले को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

ऐसे गांवों में सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को तैयार रहने को कहा गया है। लोगों से अपील की गई है कि नदी में स्नान करने, मछली पकड़ने या किसी अन्य काम से नदी के पास जाने से बचें, क्योंकि जलस्तर बढ़ने के दौरान अचानक खतरा बढ़ सकता है। सोन नदी किनारे बसे गांवों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन लगातार अपडेट ले रहा है।

सारण में बाढ़ से 2.33 लाख लोग प्रभावित
सारण जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले के 7 प्रखंडों की 35 पंचायतों के 109 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रशासन ने अब तक 1206 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

155 नावों से चल रहा राहत अभियान
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। प्रशासन की ओर से 155 नावों का परिचालन किया जा रहा है। इसके अलावा एसडीआरएफ की 6 राफ्ट टीम और एनडीआरएफ की एक यूनिट को भी तैनात किया गया है। डोरीगंज में जलस्तर राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचने के बाद प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया है।

मेडिकल टीम और भोजन की व्यवस्था
बाढ़ पीड़ितों के लिए जिले में 21 चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं, जहां अब तक 1371 लोगों का इलाज किया जा चुका है। छह बोट एंबुलेंस भी लगातार सेवा में हैं। प्रशासन ने अब तक 8945 ड्राई राशन और फूड पैकेट के साथ 11349 पॉलीथिन शीट का वितरण किया है।

15 सामुदायिक रसोई केंद्रों में मिल रहा भोजन
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जिले में 15 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 12 हजार से अधिक लोगों को भोजन कराया गया है। जरूरत के अनुसार और केंद्र बढ़ाए जा रहे हैं।

डीएम वैभव श्रीवास्तव ने खुद संभाला मोर्चा 
बिहार के कई जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं। वहीं सारण के डीएम वैभव श्रीवास्तव खुद मोर्चा संभाल रखा है। डीएम खुद मोटरबोट और नाव के जरिए ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और फंसे हुए नागरिकों का रेस्क्यू कर रहे हैं। संवेदनशील और निचले इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है, जो लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों के बीच फूड पैकेट, मेडिकल किट, पॉलीथिन शीट और पेयजल का वितरण तेजी से किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- बेटे का शव देख मां ने भी प्राण त्यागे: छोटी-सी बात पर घेरकर ली युवक की जान, साथ जलीं मां-बेटे की चिता



तटबंधों की मरम्मत जारी
दिघवारा के त्रिलोकचक और दरियापुर के सिमरिया में तटबंध में आई दरार को भरने का काम युद्धस्तर पर जारी है। वहीं पशुओं के लिए 8 शिविर बनाए गए हैं, जहां 678 पशुओं के लिए चारा और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।

मंत्री और अधिकारियों ने लिया जायजा
उप मुख्यमंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रौशन कुमार ने उन्हें राहत शिविर, मेडिकल टीम, नाव और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी परेशानी की स्थिति में प्रशासन द्वारा बनाए गए सुरक्षित स्थानों का सहारा लें।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed