सहारनपुर: गिरफ्तारी को लेकर पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा, पुलिस ने फटकारी लाठियां, महिला का मोबाइल टूटा
Saharanpur News : गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया। वहीं, हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान महिला का मोबाइल भी टूट गया।
विस्तार
सहारनपुर के गंगोह में घरेलू विवाद में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के नामजदों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस चौकी पहुंची भाजपा से जुड़ी महिला और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक हुई। इस दौरान महिला का मोबाइल टूट गया। इससे गुस्साएं ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर हंगामा कर दिया। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को चौकी से दौड़ा दिया। इससे क्षुब्ध महिला अपनी एक सहयोगी के साथ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग को लेकर चौकी पर धरने पर बैठ गई।
गंगोह कोतवाली के गांव इस्सोपुर करालटी में किसी घरेलू विवाद को लेकर भाजपा से जुड़ी कविता और कोमल मंगलवार शाम को कुंडा कला पुलिस चौकी गई थी। आरोप है कि वहां चौकी प्रभारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इस दौरान एक महिला ने इस पूरे प्रकरण का वीडियो बना लिया।
आरोप है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला का मोबाइल छीन कर तोड़ दिया। इससे मामला तूल पकड़ गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों का हंगामा बढ़ता देख गंगोह कोतवाली के साथ ही आसपास के थानों से भी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को तीतर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज कर दिया। इससे ग्रामीण तो भाग खड़े हुए लेकिन महिलाओं ने पुलिस चौकी पर धरना शुरू कर दिया। उनकी मांग है कि पुलिस चौकी इंचार्ज सहित लाठी चार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाए।
यह भी पढ़ें: UP: बिहार के बाद पश्चिमी यूपी से उठी प्रदेश में जाति गणना की मांग, लक्ष्मीकांत वाजपेयी बोले- आंकड़े अविश्वसनीय
उधर, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि महिला पारिवारिक विवाद को लेकर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ चौकी पर पहुंची थी। वहां अंधेरे का लाभ उठाकर कुछ लोगों ने उप्रदव करने का प्रयास किया, जिनकी वीडियोग्राफी कराई गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Earthquake in UP: भूकंप के तेज झटकों से दहला पश्चिमी यूपी, मेरठ में घरों और ऑफिस से बाहर दौड़े लोग