सहारनपुर। बेहट से सपा विधायक उमर अली का मिर्जापुर थाना प्रभारी ने फोन नहीं उठाया। इसकी शिकायत विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष से की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने एसएसपी को तलब किया है, उन्हें तीन दिसंबर को विधानसभा में पेश होकर जवाब देने को कहा गया है। यानी थाना प्रभारी की गलती पर एसएसपी को जवाब देना होगा।
दरअसल, बेहट से सपा विधायक उमर अली खान ने अक्तूबर में विधानसभा अध्यक्ष को शिकायती पत्र भेजा था। इसमें बताया था कि जनता से जुड़े मामलों में उन्होंने मिर्जापुर थाना प्रभारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया था। उन्होंने सीयूजी मोबाइल नंबर पर कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। 30 सितंबर, एक अक्तूबर और आठ अक्तूबर को अलग-अलग समय फोन किया गया। आरोप है कि न कॉल रिसीव की गई और न ही इंस्पेक्टर ने कॉल वापस करना मुनासिब समझा। बीच में एक बार सिपाही ने उनका फोन उठाया था, उसने बताया कि थाना प्रभारी बैठक में हैं। विधायक का यह भी आरोप है कि बैठक खत्म होने के बाद प्रभारी को फोन करके बात करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। विधायक की शिकायत पर विधानसभा अध्यक्ष ने एसएसपी अभिनंदन सिंह को तलब कर लिया है। विधायक उमर अली खान ने कहा कि फोन नहीं उठाने पर मामले की शिकायत विधानसभा अध्यक्ष से की गई थी। उधर, एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि इस संबंध में जो भी जवाब मांगा गया है, वह उपलब्ध कराया जाएगा।