Saharanpur News: नेपियर घास देख खूब प्रशन्न हुए DM, किसान को 51 रुपये से किया सम्मानित
Saharanpur News : डीएम ने नेपियर घास का उत्पादन करने वाले किसान को 51 रुपये से सम्मानित किया है।
विस्तार
सहारनपुर में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने साखन कलां गांव के किसान विनोद कुमार पुत्र श्रीप्रकाश को 51 रुपये की धनराशि देकर सम्मानित किया है। बताया गया कि किसान विनोद नेपियर घास का उत्पादन करता है, जिसे देखकर डीएम काफी प्रसन्न हुए।
देवबंद तहसील के गांव साखन कलां में गुरुवार को पीएम किसान लाभार्थी संतृप्तिकरण अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत चौपाल का आयोजन किया गया था। जिसमें जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने किसानों को सरकार की महत्तवकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के बारे में जानकारी दी थी। कार्यक्रम में डीएम ने नेपियर घास का उत्पादन करने वाले गांव के किसान विनोद कुमार से खुश होकर उसे 51 रुपये का पुरस्कार दिया।
डीएम ने गांव के बाहरी रास्ते पर स्थित किसान विनोद कुमार के उस खेत का निरीक्षण भी किया, जिसमें नेपियर घास उगा रखी है। डीएम ने अन्य किसानों को भी नेपियर घास का उत्पादन बढ़ाने को प्रोत्साहित किया। कहा कि इससे गोवंश को केवल संरक्षित ही नहीं किया जा सकेगा बल्कि दुग्ध के उत्पादन को भी बढ़ाया जा सकेगा। नेपियर घास के उत्पादन में अच्छा प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: किसानों के लिए खुशखबर: मुआवजे की मांग पूरी, शासन ने जारी किए 17 करोड़ रुपये, 2021 से बैठे थे धरने पर
एसडीएम संजीव कुमार ने बताया कि नेपियर घास स्मार्ट एग्रीकल्चर में आती है। उसकी पौध के रूप में बुवाई की जाती है। एक बार लगने के बाद यह कई वर्षों तक हर मौसम में हरी बनी रहती है। इससे किसानों के सामने हरे चारा की समस्या भी नहीं आती है। साखन के किसान विनोद कुमार ने चार बीघा खेत में नेपियर घास उगा रखी है।
यह भी पढ़ें: UP: पहले बेटी, अब मां की लाश मिलने से सनसनी, 3 दिन से लापता थी महिला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
विश्व पर्यावरण दिवस पर गोशाला में लगाएंगे नेपियर घास : संजीव
एसडीएम संजीव कुमार ने बताया कि नेपियर घास की बुवाई करने के लिए किसानों को प्रेरित किया जाएगा। विश्व पर्यावरण दिवस पांच जून को वह स्वयं सरसीना स्थित गोशाला में जाकर नेपियर घास की बुवाई करेंगे। ताकि गोशाला के गोवंश को हर मौसम में हरा चारा मिलता रहे।