UP: लापरवाही से गई मासूम की जान, सिर पर पेड़ गिरते ही तोड़ा दम, बिजली लाइन का फाल्ट ठीक कर रहे थे कर्मचारी
Saharanpur News : बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से एक मासूम बच्चे की जान चल गई। उसके ऊपर पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
सहारनपुर में अंबेहटा कस्बे में इस्लाम नगर रोड पर एचटी लाइन का तार ठीक करते समय बच्चे के ऊपर पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बच्चे की मौत के बाद लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो गया। इसके बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई, जिससे जाम जैसी स्थिति बन गई। उधर, एसडीएम नकुड़ ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार की सुबह इस्लामनगर रोड से गुजर रही एचटी लाइन में फाल्ट हो गया। इसके बाद देदपुरा बिजलीघर का स्टाफ लाइन ठीक करने में लगा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारी रोड को जाम किए बिना ट्रैक्टर की मदद से पेड़ को गिराने काम कर रहे थे, इसी पेड़ पर बिजली का तार उलझा हुआ था। इसी बीच मोहल्ला डोढियान निवासी 10 वर्षीय अमन पुत्र वसीम वहां से गुजरा तो पेड़ अमन के ऊपर आ गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अमन की मौत के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: BKU: 'पहलवानों की जाति तिरंगा, इन्हें बांटा ना जाए', पंचायत में फैसला सुरक्षित, पर टिकैत ने बताया आगे का प्लान
वहीं, घटना का पता लगते ही चेयरमैन पति नईम अहमद, सपा नेता सऊद आलम, कांग्रेस नेता डॉक्टर अब्दुल कादिर सहित काफी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। मौके पर जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलने पर एसडीएम नकुड़ अजय कुमार अम्बष्ठ, कोतवाल नकुड़ राजेंद्र प्रसाद बशिष्ठ, चौकी प्रभारी संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने उचित मुआवजा दिलाने के प्रयास करने का आश्वासन देकर लोगों को समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के पिता वसीम ने अज्ञात टैक्टर चालक व बिजली विभाग के कर्मचारियों के विरुद्ध तहरीर दी है।
यह भी पढ़ें: Wrestler Protests: पहलवानों के सम्मान की लड़ाई UP तक आई, सांसद बृजभूषण शरण के खिलाफ उबाल, कल फिर पंचायत
मौत खींचकर मौके पर ले आई
जिस समय अमन के ऊपर पेड गिरने से उसकी मौत हुई, उससे कुछ समय पहले अमन अपने पिता वसीम के साथ दुकान पर बैठा था। तभी अमन अपने पिता से एक बाग में ट्यूबवेल पर नहाने की जिद करने लगा। पिता वसीम ने अमन को कहीं न जाकर दुकान पर ही रहने के लिए कहा था लेकिन, अमन नहीं माना और मौत उसे खींचकर ले आई। यदि अमन पिता की बात मान लेता तो शायद उसकी जान बच जाती। बताया गया कि मृतक अमन तीन बहन-भाइयों में सबसे बड़ा था।