सहारनपुर। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की 164 वीं जयंती पर ललता पन्ना शहीद स्मारक समिति की ओर से कोरोना प्रोटोकॉल के तहत संक्षिप्त कार्यक्रम हुआ। ललता बाजार (लोहा बाजार) स्थित शहीद स्मारक पर अमर शहीदों के जयकारे गूंजे। साथ ही मौजूद लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर शहीद स्मारक की विशेष सफाई कराने के साथ ही सैनिटाइजेशन तथा चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया। कार्यक्रम में महापौर संजीव वालिया ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि देश को आजाद कराने में अनेकों देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दी। हम सबका फर्ज बनता है कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखें। समिति अध्यक्ष जयनाथ शर्मा ने कहा कि देश के लाखों मतवालों ने अपने प्राणों की आहुति इसलिए दी ताकि आने वाली नस्लें आजादी की हवा में सांस ले सकें। हम सबको देश को उन्नति की राह पर ले जाना है। उपाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र आजम ने शहीद स्थल के इतिहास से अवगत कराते हुए बताया कि यह वह स्थल है जहां पीपल के पेड़ पर स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान क्रांतिकारियों को फांसी पर लटकाया गया था। कार्यक्रम में सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, पार्षद आशुतोष सहगल, पार्षद प्रतिनिधि नितिन सिंघल, समिति के महामंत्री वासुदेव शर्मा निर्मोही, सुशील अग्रवाल, संजय गोयल, संजय जैन, सुभाष चंद मित्तल, सतीश मित्तल, राकेश मोहन, सुरेंद्र मोहन शर्मा, नत्थीलाल आदि मौजूद रहे।