चर्चा का विषय: बिना दहेज के होगी शादी, हेलिकाॅप्टर से ससुराल जाएगी दुल्हन, परिवार में खुशी का माहौल
Saharanpur News : सहारनपुर के गंगोह में होने वाली एक शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया गया कि यह शादी बिना दहेज के होगी और दूल्हा अपनी दुल्हन को हेलिकॉप्टर से लेकर जाएगा।
विस्तार
सहारनपुर में गंगोह के बिलासपुर गांव निवासी राकेश पांचाल की बेटी पूजा दुल्हन बनने के बाद अपनी ससुराल हेलिकाॅप्टर से जाएगी। पूजा के पिता राज मिस्त्री का काम करते हैं। वहीं, इस शादी को लेकर पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
खास बात यह है कि यह शादी दहेज रहित हो रही है। मात्र एक रुपये के शगुन को ससुरालियों ने स्वीकार किया है। इस शादी की सभी प्रशंसा कर रहे हैं।
पानीपत निवासी एडवोकेट नीरज आठ दिसंबर को बरात हेलिकाॅप्टर से लेकर गांव बिलासपुर पहुंचेगा। पूजा के पिता राकेश ने बताया कि नीरज और उनके परिजनों ने दहेज लेने से साफ इन्कार करते हुए शगुन के तौर पर मात्र एक रुपये में रिश्ता स्वीकार किया है। नीरज संपन्न परिवार से है। वह अपनी दुल्हन को ले जाने के लिए निजी कंपनी के हेलिकाॅप्टर से गांव पहुंचेगा। हेलिकाॅप्टर के लिए हेलीपैड बनाने का कार्य गांव के बाहर शुरू हो गया है।
यह भी पढ़ें: मेरठ मर्डर केस: सामने आई चौंकाने वाली बात, जल्द खुलेगा ट्रांसपोर्टर के बेटे की हत्या का राज, खौफनाक थी वारदात
इसके लिए प्रशासन के साथ ही संबंधित विभागों से अनुमति भी ले ली गई है। देहात में इस शादी की खूब चर्चा हो रही है। ग्राम प्रधान मीनू देवी ने बताया कि मात्र एक रुपये में रिश्ता करके नीरज और उसके परिजनों ने एक मिसाल कायम की है। इसके साथ ही गांव की बेटी हेलिकाॅप्टर में बैठकर ससुराल जाएगी यह भी पूरे गांव के लिए खुशी की बात है।
यह भी पढ़ें: टूटा हादसों का कहर: फिल्मी स्टाइल..., 120 की स्पीड पर थी कार, 18 टायरा ट्रक में घुसी, 5 की मौतों से मचा कोहराम