टूटा हादसों का कहर: फिल्मी स्टाइल..., 120 की स्पीड पर थी कार, 18 टायरा ट्रक में घुसी, 5 की मौतों से मचा कोहराम
Meerut Accident : फिल्मी स्टाइल में तेज रफ्तार कार 18 टायरा ट्रक में घुस गई। टक्कर के बाद कार की छत अलग हो गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ जनपद के खरखौदा में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर तीन-अलग हादसों में तीन लोगों की हो गई। खरखौदा क्षेत्र में रविवार रात दो दुर्घटनाएं राष्ट्रीय राजमार्ग-334 (मेरठ-बुलंदशहर) पर हुईं। इसमें एक कार सवार और एक बाइक सवार की मौत हुई। वहीं, गांव कैली में गोरखनाथ मंदिर के सामने रोडवेज बस की टक्कर से घायल अज्ञात युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, गंगानगर में हुए दर्दनाक हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई।
खरखौदा निवासी पूर्व सभासद देवेंद्र त्यागी का इकलौता बेटा शिवम त्यागी (28) कार से हापुड़ क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही कार नालपुर कट के पास पहुंची तो हापुड़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही टूरिस्ट बस ने कार को टक्कर मार दी। कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में शिवम त्यागी की मौके पर ही मौत हो गई। बुरी तरह से गाड़ी में फंसे शिवम के शव को पुलिस ने गाड़ी से बाहर निकाला।
दूसरे हादसे में खरखौदा निवासी लाल सिंह (28) वर्षीय पुत्र दीवान सिंह हलवाई का काम करता था। रविवार रात वह मेरठ बुलंदशहर हाईवे पर धनौटा के सामने लोहिया फार्म हाउस में काम करके लौट रहा था। जैसे ही ही बिजौली संपर्क मार्ग पर कट के सामने पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया। उसने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीसरी घटना में हापुड़ मार्ग पर गांव कैली में बाबा गोरखनाथ मंदिर के सामने एक युवक सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अनुबंधित रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को मेडिकल में भर्ती कर दिया। उपचार के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। अब तक शव की शनाख्त नहीं हो सकी थी।
दो बहनों का भाई था शिवम
शिवम त्यागी दो बहनों का इकलौता भाई था। वह दिल्ली में एक दवा कंपनी में केमिस्ट था। हापुड़ क्षेत्र में एक शादी समारोह में होने जाते समय यह हादसा हुआ। शिवम की मौत पर परिवार का बुरा हाल है।
120 की रफ्तार में जान गंवा बैठे दो कार सवार
मेरठ के गंगानगर में एनएच-119 (मवाना रोड) स्थित बहचौला फ्लाईओवर इंटरचेंज पर रविवार रात सवा तीन बजे फिल्मी स्टाइल में तेज रफ्तार कार 18 टायरा ट्रक में घुस गई। टक्कर के बाद कार की छत अलग हो गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कार को काटकर चारों को बाहर निकाला। पुलिस को क्षतिग्रस्त कार की स्पीडोमीटर की सूई 120 किलोमीटर प्रति घंटे पर रुकी मिली है।
गंगानगर आई-ब्लॉक निवासी 21 वर्षीय पवन अपने बड़े भाई काकू और कसेरूबक्सर निवासी 23 वर्षीय रवि पुत्र ब्रजपाल के साथ कार में मवाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में गए थे। उनके साथ आई ब्लॉक निवासी अन्य दोस्त 20 वर्षीय दीपक पुत्र समय सिंह भी था। परिजनों के अनुसार, रवि किसी के यहां गाड़ी चलाता था। वह अपने मालिक की स्विफ्ट डिजायर कार ले गया था। रात में करीब तीन बजे चारों घर लौट रहे थे। बहचौला में इंटरचेंज के पास फ्लाईओवर की बाएं साइड बंद की हुई है। इससे मेरठ की ओर से जाने वाले वाहन टर्न लेकर दाएं ओर की सड़क पर आते हैं।
रात में पीओपी के बोरों से भरा 18 टायरा ट्रक यहां मुड़ रहा था। इसी दौरान तेज गति होने के कारण यह कार ट्रक के बीच में घुस गई और उसकी छत अलग जा गिरी। आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद कार को काटकर चारों को बाहर निकाला गया। तब तक रवि और पवन की मौत हो चुकी थी। वहीं, गंभीर हालत में काकू और दीपक को सूर्य अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। परिजन दीपक को मेडिकल कॉलेज ले गए। पुलिस टीम ने कार और ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
माता-पिता, भाई को खो चुकी दीपा, एक भाई की हालत गंभीर
गंगानगर आई-ब्लॉक निवासी दीपा की शादी कंकरखेड़ा में हुई है। हादसे में छोटे भाई पवन की मौत हो गई, जबकि दुकान पर काम करने वाले भाई काकू की हालत बेहद गंभीर है। पिता देवराज पीडब्ल्यूडी विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। उनकी काफी साल पहले मौत हो गई थी। उनकी जगह मां मधु को नौकरी मिल गई थी। दो साल पहले मां की भी कैंसर से मौत हो गई। अब हादसे में भाई पवन भी चला गया और एक की हालत गंभीर है। परिजनों के अनुसा,र पवन मजदूरी करता था। घर की स्थिति देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। घर में अकेली बहन और कुछ रिश्तेदार व पड़ोसी सांत्वना देने पहुंचे।
रवि ने पत्नी को फोन कर जल्द लौटने को कहा था
रवि चार बहन-भाइयों में सबसे बड़ा था। दो साल पहले उसकी शादी पल्लवी से हुई थी। उसकी आठ माह की बेटी वाणी हैं। पिता ब्रजपाल मजदूरी करते हैं। मां बलेशरी, दो बहन मानसी व गुनगुन और एक भाई शुभम हैं। परिजनों के अनुसार, घर में बड़ा होने के चलते रवि ने पहले ही जिम्मेदारी संभाल ली थी। वह इन दिनों ड्राइविंग करता था। शादी में भी वह मालिक से मांगकर उनकी कार ले गया था। परिजनों के मुताबिक, रात 10 बजे रवि ने पत्नी पल्लवी से फोन पर बात कही थी। इसमें रवि ने कुछ ही देर में लौटने की बात कही थी, लेकिन उसकी मौत की सूचना मिली। आठ माह की बेटी और पल्लवी को बिलखता देख सबकी आंखें नम हो गईं। पोस्टमार्टम के बाद पहुंचे शव का अंतिम संस्कार किया गया।
यह भी पढ़ें: खून का बदला खून: एलानिया कत्ल से दहल उठा था पूरा गांव, जेल से जमानत पर आए भाइयों ने अंकित को दी दर्दनाक मौत
पहला दर्द भूल नहीं पाई, अब दूसरा मिला
हादसे में घायल हुआ 20 वर्षीय दीपक टाइल्स लगाने का काम करता है। पिता समय सिंह पैरालाइसिस होने के कारण घर में रहते हैं। मां कृष्णा देवी घर के बाहर दुकान करती हैं। दीपक छह भाइयों में सबसे छोटा है। परिजनों के मुताबिक, बीते 25 मई को तूफान आया था। इस दौरान 30 वर्षीय मिंटू बाइक पर मोदीपुरम से काम करके लौट रहा था। पीएससी नाले के पास तूफान से होर्डिंग टूटकर उसके ऊपर आ गिरा था। इसमें मिंटू की मौत हो गई थी। एक भाई मोनू पीएसी में जवान है। दो बहनें रेखा और ज्योति हैं। घटना के बाद से मां कृष्णा देवी का बुरा हाल हैं। उनका कहना है कि अभी पहले दर्द को ही नहीं भूला पाई हूं, अब भगवान ने दूसरा दर्द दे दिया। परिजन उन्हें ढांढस बंधाते नजर आए।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: बॉलीवुड का विलेन बना असली खलनायक, रिवॉल्वर से बरसाईं दनादन गोलियां, मर्डर से हर तरफ दहशत