मेरठ मर्डर केस: सामने आई चौंकाने वाली बात, जल्द खुलेगा ट्रांसपोर्टर के बेटे की हत्या का राज, खौफनाक थी वारदात
Meerut Murder Case : पुलिस की जांच में अब तक हत्यारोपी का कोई ठोस सबूत नहीं मिल पाया है। कई एंगिल पर पुलिस जांच कर रही है। कातिल बाहर से आया या सोसाइटी में रहने वाले किसी शख्स ने वारदात को अंजाम दिया, इसको लेकर पुलिस सारे रिकॉर्ड खंगाल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में सुपरटेक ग्रीन विलेज के ई-502 फ्लैट में रविवार को ट्रांसपोर्टर सुनील शर्मा के बेटे विक्की शर्मा (28) की हत्या के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विक्की की हत्या चार गोलियां मारे जाने की वजह से हुई थी। तीन बुलेट सर और एक पेट से बरामद हुई है।
वहीं, पुलिस की जांच में अब तक हत्यारोपी का कोई ठोस सबूत नहीं मिल पाया है। कई एंगिल पर पुलिस जांच कर रही है। कातिल बाहर से आया या सोसाइटी में रहने वाले किसी शख्स ने वारदात को अंजाम दिया, इसको लेकर पुलिस सारे रिकॉर्ड खंगाल रही है।
सुपरटेक ग्रीन विलेज निवासी सुनील शर्मा का टीपीनगर में ट्रांसपोर्ट और बॉडी मेकिंग का कारोबार है। बड़ा बेटा रिंकू भी उनके साथ काम देखता है। रिंकू की पत्नी वैष्णवी अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई हैं। रविवार को विक्की घर पर अकेला था। शाम को छह बजे के करीब भाई रिंकू घर पहुंचा तो विक्की सोफे पर मृत अवस्था में मिला था। उसके सिर पर गहरा निशान था। पुलिस अब तक मान रही थी कि किसी धारदार हथियार से वार करके हत्या की गई है।
सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया तो सिर से तीन और पेट से एक बुलेट बरामद हुई है। चार गोलियां मारे जाने से स्पष्ट है कि पूरी तैयारी के साथ हत्या की गई। कातिल एक था या उससे ज्यादा, इसकी अभी जानकारी नहीं है।
गेट पर आने-जाने वालों का खंगाला गया रिकॉर्ड
दोपहर में विक्की ने पिता सुनील शर्मा और भाई रिंकू को छोले खिलाने के लिए घर बुलाया था। खाना खाने के बाद वे दोनों दोबारा से ट्रांसपोर्ट पर चले गए थे। इसके बाद ही कातिल ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने सोमवार दोपहर से लेकर शाम छह बजे तक ग्रीन विलेज में बाहर से आने वालों का रिकॉर्ड खंगाला है। जो भी व्यक्ति बाहर से आए हैं, वे कोई भी विक्की के घर नहीं आए। सीसीटीवी फुटेज से भी पुलिस को अभी तक कोई कामयाबी नहीं मिली है।
बता दें कि विक्की की बहन यशोदा की पांच माह पहले ससुराल में हत्या कर दी गई थी। इसका मुकदमा चल रहा है। परिजनों ने यशोदा के ससुरालवालों पर हत्या का शक जताया था। विक्की के दोस्तों से भी पूछताछ चल रही है।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: बॉलीवुड का विलेन बना असली खलनायक, रिवॉल्वर से बरसाईं दनादन गोलियां, मर्डर से हर तरफ दहशत
सीओ कोतवाली अमित राय का कहना है कि कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सर्विलांस टीम भी काम कर रही है। विक्की पूजा-पाठ का काम करता था, इसलिए धर्म-कर्म से जुड़े लोगों से भी बातचीत की जा रही है।
यह भी पढ़ें: खून का बदला खून: एलानिया कत्ल से दहल उठा था पूरा गांव, जेल से जमानत पर आए भाइयों ने अंकित को दी दर्दनाक मौत
गोलियां मारकर हत्या को अंजाम दिया गया। सीसीटीवी की फुटेज के अलावा आने-जाने वालों का रिकॉर्ड चेक कराया जा रहा है। सर्विलांस समेत पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। - पीयूष सिंह, एसपी सिटी