सहारनपुर। उत्तर प्रदेश मोटर ट्रांसपोर्टर्स फेडरेशन और सहारनपुर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन ने सरकार की स्क्रैप नीति का विरोध किया है। इसको लेकर केंद्रीय परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर भेजा गया है।
एसोसिएशन अध्यक्ष ब्रित चावला ने कहा कि केंद्र सरकार की 15 साल पुराने वाहनों को नष्ट किए जाने का निर्णय लिया है। इस फैसले का विरोध करते हुए सामने आने वाली कठिनाइयों को अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले इस नीति को बनाए जाने के बारे में आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने उदाहरण के तौर पर बताया कि अधिकतर 15 वर्ष से ज्यादा आयु के वाहन उत्तर प्रदेश में है, जोकि अत्यधिक संख्या में संचालित हो रहे हैं। इन वाहनों के स्वामी अपने वाहन को चालक बनकर खुद संचालित करते हैं। इससे बेरोजगारी को और बढ़ावा मिल सकता है। ब्रित चावला ने पत्र द्वारा मांग की है कि ऐसी नीति और ऐसे कानून बनाए जाने से पूर्व वैकल्पिक व्यवस्था किया जाना जरूरी है। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मांग की है कि ऐसे वाहनों को चिह्नित करके उनके वाहन स्वामियों को रोजगार उपलब्ध कराए जाने के बारे में पहल करनी चाहिए। पत्र भेजने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, महामंत्री गणेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष सरदार बलजीत सिंह, संगठन प्रमुख निशा साहनी आदि मौजूद रहे।