मुजफ्फरनगर। शहीद प्रशांत शर्मा 15 फरवरी को ही एक माह की छुट्टी पर घर आए थे। तब प्रशांत की बड़ी बहन प्रिया की शादी मेरठ मुल्तान नगर निवासी युवक से हुई थी। इसके साथ ही उसी समय प्रशांत शर्मा का रिश्ता भी मेरठ जनपद के गांव अरनावली से तय हो गया था। छह दिसंबर 2020 की तारीख शादी के लिए निर्धारित की गई थी और पूरा परिवार अब लाड़ले की शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था।
प्रशांत की अंतिम बार बृहस्पतिवार को ही पिता और छोटे भाई निशांत से मोबाइल पर बात हुई थी, जिसमें उसकी शादी को लेकर की गई तैयारियों की ही जानकारी दी गई थी। परिवार के लिए लाड़ले प्रशांत की मौत की यह आकस्मिक घटना झकझोर देने वाली रही। मूल रूप से बागपत जनपद के गांव बिजरौल निवासी शीशपाल शर्मा का पूरा परिवार सेना से जुड़ा हुआ है। पिता खुद सेना में नायक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके परिवार में दो बेटे प्रशांत, निशांत और इकलौती बेटी प्रिया है। बड़ा बेटा प्रशांत भी पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए वर्ष 2017 में साइकिल स्पोर्ट्स कोटे से सेना में भर्ती हुआ, जिसके बाद छोटा बेटा निशांत भी सेना भर्ती की ही तैयारियों में जुटा हुआ है। प्रशांत की शहादत पर फख्र करते हुए निशांत ने कहा कि सेना में भर्ती होकर आतंकियों का खात्मा करना उसका एकमात्र मकसद है। भाई की शहादत से उसकी जो मुहिम अधूरी रह गई है, उसे अब सेना में भर्ती होकर वह पूरा करेगा।