सेंटा क्लॉज बन बच्चों ने मनाया क्रिसमस
मुुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित आइडियल किड्स प्रीप्रेटरी स्कूल में अध्यापिकाओं, अभिभावकों व बच्चों ने क्रिसमस पर्व मनाया। सेंटा क्लॉज तथा फेयरी बने बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। स्कूल के सभी बच्चों का अवकाश था, लेकिन वे अभिभावकों के साथ विद्यालय आए। सेंटा तथा फेयरी बन कर आए बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर अध्यापिकाओं द्वारा बनाई गई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिसके माध्यम से मदर मरियम के साथ बालक यीशु के जन्म को दर्शाया गया था। शिक्षिकाओं ने जिंगल बेल रॉक, सिल्वर बेल्स, विश यू मेरी क्रिसमस, व्हाइट क्रिसमस, वेलकम न्यू ईयर प्रस्तुत कर खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर पूनम जैन, दीक्षा गोयल, रुचि बंसल, सोनिया जैन, ऋतिका सिंघल ने सभी का मनोबल बढ़ाया। आइडियल किड्स के निदेशक पीके जैन ने कहा कि हमारा राष्ट्र एक ऐसा उपवन है, जिसमें विविध धर्मों के पर्व रूपी पुष्प खिलते हैं। स्कूल में सभी राष्ट्रीय एवं सामाजिक पर्व मनाने का उद्देश्य अपने बच्चों को भारतीय संस्कृति से परिचित कराना है। इंचार्ज नीता अग्रवाल ने बताया जिस तरह सेंटा क्लाज बच्चों को गिफ्ट देकर प्रसन्न करते हैं वैसे ही सभी को अपने बड़ों की बात मानकर उन्हें खुश रखना चाहिए तथा सभी त्योहारों को हंसी खुशी मनाना चाहिए।