मुरादाबाद-अमरोहा में सड़क हादसा: बच्चे समेत दो की जान गई, तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी, परिजनों में मचा कोहराम
बिलारी में हुए सड़क हादसे में एक युवक की माैत और दो गभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उधर, अमरोहा में बच्चे की भी जान चली गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिलारी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार सुहेल (18) पुत्र आरिफ निवासी बाछल भूड़ थाना कुंदरकी की मौत हो गई। उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सुहेल सुबह किसी काम से अपने गांव से बिलारी आया था।
लौटते समय उसके साथ शाहनवाज और नदीम बाइक पर सवार थे। मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुंदरकी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलारी ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने सुहेल को मृत घोषित कर दिया। शाहनवाज और नदीम की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। सुहेल अपने परिवार का अकेला सहारा था। करीब 50 दिन पहले उसके पिता आरिफ की भी पेड़ काटने के दौरान हादसे में मौत हो गई थी।
परिवार में मां नाजमा, नौ वर्षीय छोटा भाई दाऊद और पांच अविवाहित बहनें हैं। हादसे की सूचना पर सीएचसी बिलारी में मृतक के परिजन और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ननिहाल से आ रहे बच्चे की जान गई
ननिहाल में आयोजित शादी समारोह से लौटते समय हुए सड़क हादसे में 6 वर्षीय बच्चे की मौत और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे से परिवार में शोक का माहौल है। थाना बछरायूं क्षेत्र के गांव रहमापुर माफी निवासी मजदूर सुरेंद्र सिंह की ससुराल आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव गारबपुर में है।
शुक्रवार को ससुराल पक्ष में एक शादी थी। सुरेंद्र अपनी पत्नी रेखा और बेटे अंश के साथ बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। शाम को रेखा मायके में रुक गईं, जबकि सुरेंद्र बेटे अंश को लेकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
ढवारसी-उझारी मार्ग पर गांव गारबपुर के पास आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां अंश को मृत घोषित कर दिया गया। सुरेंद्र को गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
अंश तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। शनिवार सुबह दोनों पक्षों में बातचीत चल रही थी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।