जननायक एक्सप्रेस में बवाल: तीन बेटियों समेत छह पर केस, जीआरपी सिपाही के मां को पीटने का वीडियो भी आया सामने
जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद में जीआरपी के दो सिपाहियों की तहरीर पर महिला और उसकी तीन बेटियों समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, महिला को पीटते जीआरपी सिपाही का वीडियो वायरल होने के बाद जीआरपी की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
विस्तार
दरभंगा से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद जीआरपी के दो सिपाहियों और बिहार निवासी एक परिवार के बीच मारपीट में बदल गया। घटना के दौरान एक महिला के साथ जीआरपी सिपाही की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सिपाही महिला पर लगातार घूंसे बरसाता दिखाई दे रहा है।
महिला की बेटियां उसे बचाने के लिए सिपाही को पीछे खींचती नजर आ रही हैं। मारपीट में महिला के सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा। मामले में जीआरपी के दोनों सिपाहियों ने महिला और उसके परिवार पर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और वर्दी फाड़ने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
वहीं, अब सामने आए वीडियो में महिला के साथ सिपाही की मारपीट दिखाई दे रही है। महिला पक्ष ने भी सिपाहियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। हालांकि, इस पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक 18 नवंबर की शाम जननायक एक्सप्रेस मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से नजीबाबाद के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन के एक कोच में बिहार निवासी एक महिला सीट पर लेटी हुई थी। इसी दौरान दूसरे परिवार की एक महिला गोद में बच्चा लेकर वहां पहुंची और बैठने के लिए सीट मांगी। इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
ट्रेन में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात जीआरपी मुरादाबाद के सिपाही ललित सागर और अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए सीट पर लेटी महिला से बच्चा गोद में लिए खड़ी महिला को बैठने के लिए जगह देने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बिहार निवासी महिला ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसकी तीन पुत्रियां और दो युवक भी विवाद में शामिल हो गए।
सिपाहियों ने लगाया मारपीट और वर्दी फाड़ने का आरोप
जीआरपी सिपाही ललित सागर और अजय कुमार की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, शाम करीब 6:40 बजे दोनों सिपाही दोबारा कोच में पहुंचे तो दोनों परिवारों के बीच फिर विवाद हो रहा था। उन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान महिला और उसके साथ मौजूद लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई की गई। एक सिपाही की वर्दी खींचकर फाड़ दी गई और शर्ट के दो बटन टूट गए। सिपाहियों ने अधिकारियों को घटना की सूचना दी। मुरादाबाद कंट्रोल से सूचना मिलने पर नजीबाबाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई।
वायरल वीडियो में महिला को घूंसे मारता दिखा सिपाही
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें जीआरपी का एक सिपाही महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। सिपाही महिला पर लगातार घूंसे बरसाता नजर आ रहा है। इस दौरान महिला की बेटियां अपनी मां को बचाने के लिए बीच में आती हैं और सिपाही को पीछे खींचने का प्रयास करती हैं। वीडियो में महिला के सिर से खून निकलता भी दिखाई दे रहा है। महिला के साथ मारपीट के दृश्य सामने आने के बाद घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
दो युवकों को पकड़कर मुरादाबाद ले गई पुलिस
मुरादाबाद कंट्रोल से सूचना मिलने पर नजीबाबाद जीआरपी और आरपीएफ ने ट्रेन के नजीबाबाद पहुंचने पर कार्रवाई की। ट्रेन करीब चार घंटे की देरी से पहुंची थी। पुलिस ने मारपीट के आरोपी दो युवकों को पकड़ लिया। वहीं, महिला और उसकी बेटियां दूसरी ट्रेन से रवाना हो गईं।
घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ कमांडेंट ऋषि कुमार शुक्ला और मुरादाबाद जीआरपी इंस्पेक्टर कमल किशोर देर रात नजीबाबाद पहुंचे। उन्होंने आरपीएफ प्रभारी विपिन कुमार की मौजूदगी में दोनों सिपाहियों और बिहार निवासी परिवार से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।
चार महिलाओं समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी
जीआरपी सिपाही ललित सागर और अजय कुमार की तहरीर पर बिहार के बेतिया निवासी रूबी देवी, उसकी तीन पुत्रियों लक्ष्मी, सुनीता और खुशी, समस्तीपुर निवासी पिक्कू कुमार तथा दरभंगा के बहेड़ी निवासी चंदन ठाकुर के खिलाफ मारपीट, वर्दी फाड़ने समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपी युवकों को अपने साथ मुरादाबाद ले गई। उधर, महिला पक्ष ने भी सिपाहियों पर मारपीट करने और महिला को घायल करने का आरोप लगाया है। हालांकि, उनकी ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
