मिर्जापुर। नगर के लोहिया तालाब स्थित डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को बिजली महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता व उसके प्रयोग पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बिजली के महत्व को बताते हुए उसका कम से कम प्रयोग करने और उसका समय पर भुगतान करने की बात कही।
मुख्य अतिथि नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्रालय के टीएचडीसी एवं बिजली विभाग के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता होने की बात कही। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने कहा कि जब आवश्यकता न हो तो बिजली का प्रयोग न करें। साथ ही समय पर उनके बिलों का भुगतान करें। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इसके पूर्व मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। डैफोडिल्स स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संचालन राजेंद्र त्रिपाठी उर्फ लल्लू तिवारी ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अपना दल राम लौटन, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय, मुख्य अभियंता आर बी कटियार, अधीक्षण अभियंता रामबुझारत, शिव शंकर तिवारी, अधिशासी अभियंता दीपक सिंह आदि थे।