मिर्जापुर: बीएचयू बरकछा में छात्रों के दो गुट भिड़े, 400 छात्रों को एक अप्रैल तक के लिए घर भेजा
आचार्य प्रभारी प्रो. वीके मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों में पुराने विवाद को लेकर मारपीट हुई है। दोनों पक्षों के 400 छात्रों को एक अप्रैल तक के लिए घर भेज दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिर्जापुर स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में बीवोक (संगीत) और बीकाम के छात्रों के बीच आपसी रार खत्म होने का नाम नहीं ले रही। शुक्रवार की रात अलग-अलग छात्रावास में रह रहे दोनों गुटों के छात्र आपस में भिड़ गए। सूचना पर बरकछा पुलिस पहुंची। पुलिस ने विश्वविद्यालय प्रशासन को बुलाकर मामला शांत कराया।
400 छात्रों को एक अप्रैल तक के लिए घर भेज दिया गया। कुछ दिन पहले भी मारपीट होने पर बीवोक के छात्रों ने चौकी में एनसीआर दर्ज कराई थी। दक्षिणी परिसर में बीकाम और बीवोक के छात्रों के बीच विवाद चला आ रहा है। कोविड संक्रमण के बाद से विश्वविद्यालय बंद चल रहा था। उससे पहले मारपीट हुई थी।
इन दिनों छात्र छात्रावास में लौट आए हैं। शिवालिक छात्रावास में बीवोक और विंध्याचल छात्रावास में बीकाम के छात्र रहते हैं। छात्रावास में रहते हुए ये छात्र आनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। पांच दिन पूर्व बीवोक के छात्र ने खेल मैदान पर विवाद में मारपीट करने का आरोप लगाते हुए बीकाम के चार छात्रों पर एनसीआर दर्ज कराई थी।
शुक्रवार की रात को इसी विवाद के चलते दोनों गुटों के छात्र भिड़ गए। सूचना पर बरकछा पुलिस पहुंची और घायलों का उपचार कराया। सूचना पर आचार्य प्रभारी प्रो. वीके मिश्रा पहुंचे। चौकी प्रभारी बरकछा वीके राय ने बताया कि पांच दिन पूर्व बीवोक के शिवम ने चार लोगों पर खेल में विवाद को लेकर एनसीआर दर्ज कराई थी।
शुक्रवार की रात की घटना की तहरीर नहीं मिली है। आचार्य प्रभारी प्रो. वीके मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों में पुराने विवाद को लेकर मारपीट हुई है। दोनों छात्रावासों में रह रहे बीवोक और बीकाम के द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्र आनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। इसलिए दोनों पक्षों के 400 छात्रों को एक अप्रैल तक के लिए घर भेज दिया गया है।