जिगना। युवा कल्याण विभाग की ओर आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय ग्रामीण खेल लीग के तहत पहले दिन सोमवार को एथलेटिक्स, वॉलीबाॅल, जूडो व भारोत्तोलन की प्रतियोगिताएं हुईं। इसमें बालिका जूनियर वर्ग 100 मीटर दौड़ में आकर्षित पांडेय प्रथम स्थान पर रहीं।
मुख्य अतिथि महाशक्ति इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य सुशील कुमार सिंह ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। उन्होंने 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग सब जूनियर के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। 100 मीटर दौड़ बालिका जूनियर वर्ग में आकर्षित पांडेय प्रथम स्थान पर रहीं। सब जूनियर वर्ग में प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ बालक सीनियर वर्ग में रमेश कुमार व सब जूनियर वर्ग में पृथ्वीराज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ बालक जूनियर वर्ग में उज्ज्वल, सब जूनियर में अंकित तिवारी, सीनियर वर्ग में पवन बिंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ बालिका सीनियर में आकर्षित पांडेय, सब जूनियर में शक्ति, जूनियर में अंजली तिवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वॉलीबाॅल सीनियर वर्ग प्रतियोगिता में बरहा खुर्द ने बहुती को हराकर जीत हासिल की। बालक सब जूनियर वर्ग में मनिकठी की टीम विजेता रही। गोला फेंक बालिका सब जूनियर वर्ग में अंजू और जूनियर में जनक दुलारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस दौरान विशिष्टि अतिथि अशोक कुमार उपाध्याय, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अभय कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान किया।