मिर्जापुर: ट्रॉली बैग में 11.53 किलो गांजा लेकर जा रही 20 साल की युवती गिरफ्तार, 2022 से कर रही थी सप्लाई
मिर्जापुर जिले में जीआरपी और आरपीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी। 11.53 किलो गांजा के साथ 20 साल की युवती को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि वह वर्ष 2022 से गांजा सप्लाई कर रही थी, पहली बार पकड़ी गई।
विस्तार
जम्मूतवी एक्सप्रेस के बी-4 कोच में ट्रॉली बैग में गांजा लेकर जा रही 20 वर्षीय युवती को जीआरपी और आरपीएफ ने रविवार को मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से नौ बंडलों में कुल 11.530 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत 5.75 लाख रुपये बताई है। आरोपी के खिलाफ जीआरपी मिर्जापुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
जीआरपी प्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि रविवार को स्टेशन के प्लेटफार्मों पर संदिग्ध यात्रियों और वस्तुओं की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 18309 जम्मूतवी एक्सप्रेस के बी-4 कोच में एक युवती गुलाबी रंग का ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध हालत में सफर कर रही है। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने ट्रेन के मिर्जापुर स्टेशन पहुंचने पर कोच में घेराबंदी कर युवती को पकड़ लिया। वह बाथरूम के पास से भागने का प्रयास कर रही थी।
पूछताछ में युवती ने अपना नाम प्रीति गिरी, निवासी घरवाह, थाना जमालपुर बताया और बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत सीओ जीआरपी के समक्ष तलाशी ली गई। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक की मौजूदगी में बैग खुलवाया गया। उसमें खाकी रंग के टेप से लिपटे नौ बंडल मिले। तौलने पर इनका कुल वजन 11.530 किलो निकला।
पूछताछ में आरोपी युवती ने बताया कि वह गांजा संभलपुर से लेकर आ रही थी और मिर्जापुर में इसे बेचने जा रही थी। पुलिस के अनुसार, युवती दूसरे राज्यों से गांजा खरीदकर अन्य राज्यों में बेचने के तरीके से अवैध कारोबार कर रही थी। जीआरपी प्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि युवती ने पूछताछ में बताया कि 2022 से वह गांजा सप्लाई का काम कर रही है। पहली बार पकड़ी गई है।