तेज रफ्तार ट्रक ने कार और ई-रिक्शा को रौंदा, हादसे में दो की मौत, चार लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तेज गति से आ रहे ट्रक ने सड़क किनारे खडे़ बिजली के खंभों को तोड़ते हुए बोलेरो कार और ई-रिक्शा को रौंद डाला। घटना से सड़क पर अफरातफरी मच गई। सड़क किनारे खडे़ यूकेलिप्टस के पेड़ से टकराकर ट्रक रुक गया। ट्रक और पेड़ों के बीच ई-रिक्शा और कार फंस गई। इस हादसे में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। जबकि हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस व राहगीरों ने जेसीबी से ट्रक को खींचकर घायलों को बाहर निकाला। यह घटना यूपी के मुजफ्फरनगर शहर में हुई।
गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-2 निवासी नरेंद्र सैनी (48) अपनी भतीजी बबीता सैनी (40) व रिश्तेदार धर्मपाल सैनी (55) निवासी काकड़ा के साथ कार से अपनी रिश्तेदारी में डॉक्टर सुभाष के यहां बुढ़ाना आए थे। सोमवार शाम करीब छह बजे तीनों कार से वापस अपने घर गाजियाबाद जा रहे थे। कार के पीछे बुढ़ाना की ओर से ई-रिक्शा में चालक राहुल (20) पुत्र इकबाल, निवासी शफीपुर पट्टी ने चांदबीबी (30) और मोहसीन (35) बुढ़ाना से बायवाला जा रहे थे। बड़ौत से बुढ़ाना आ रहे ट्रक के चालक ने सड़क किनारे बिजली के खंभों में टक्कर मारकर तोड़ते हुए सड़क किनारे खड़ी बोलेरो में टक्कर मारी। ट्रक ने सामने से आ रही डिजायर कार व ई-रिक्शा को रौंद डाला। बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर त्यागी पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे लगे यूकेलिप्टस के पेड़ों से टकराकर ट्रक रुक गया। कार व ई-रिक्शा ट्रक व पेड़ों के बीच फंस गए। घटना के बाद चालक ट्रक से कूदकर फरार हो गया। घटना से बुढ़ाना बड़ौत मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन चालक अपने वाहन सड़क किनारे खडे़ करके बचाव कार्य में जुट गए।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर यशपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन जितेंद्र त्यागी ने नगर पंचायत कर्मचारियों व जेसीबी को बुलवाया। जेसीबी की सहायता से ट्रक को खींचकर उसके नीचे दबे कार व ई-रिक्शा सवारों को बाहर निकाला गया। कस्बे की सीएचसी पर चिकित्सकों ने बबीता सैनी व धर्मपाल सैनी को मृत घोषित कर दिया। कार चालक नरेंद्र सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया। ई-रिक्शा चालक राहुल उसमें बैठी सवारी चांदबीबी व उसका पति मोहसीन भी घायल हो गए। चारों घायलों को जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया है। घटना की सूचना पुलिस ने मृतक के परिवार वालों व रिश्तेदारी में दी है।
ओवरलोड वाहन हुए बेलगाम
राष्ट्रीय राजमार्ग व जनपदीय मार्गों पर ओवरलोड वाहनों की भरमार जारी है। बेलगाम हुए ओवरलोड वाहनों से भीषण हादसे होते हैं। ऐसे वाहनों पर सरकार अथवा प्रशासन की पकड़ ढीली है। ट्रैफिक पुलिस भी ऐसे वाहनों से सुविधा शुल्क लेकर बेलगाम दौड़ने के लिए खुला छोड़ देती हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/