स्कूल में बवाल: पांचवीं के छात्र से अश्लील हरकत का आरोप, परिजनों का हंगामा, पुलिस जांच में जुटी
मेरठ के परतापुर क्षेत्र में पांचवीं कक्षा के छात्र के साथ स्कूल के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
वॉशरूम में ले जाकर अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप
दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित एक गांव निवासी युवक शनिवार को ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि स्कूल का ट्रांसपोर्ट इंचार्ज पांचवीं कक्षा के छात्र को बहाने से वॉशरूम में ले गया था। वहां उसने अपने मोबाइल पर बच्चे को अश्लील वीडियो दिखाए और उसके साथ गलत हरकत की।
परिजनों के मुताबिक, छात्र ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण बच्चे ने पहले किसी को कुछ नहीं बताया। बाद में घर पहुंचकर उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
बच्चे की बात सुनने के बाद परिजनों ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद शनिवार को परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद प्रधानाचार्य और एक शिक्षक ने मामले को दबाने का प्रयास किया। इस बात को लेकर उनका गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। स्कूल के बाहर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। सीओ ब्रह्मपुरी राम प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
