UP: सपा विधायक की आईडी से दरोगा की मौत की पोस्ट डालने पर बैठी जांच, लखनऊ तक मचा हड़कंप, SSP ने मांगी रिपोर्ट
Meerut News : सपा विधायक अतुल प्रधान की फेसबुक आईडी से दरोगा की मौत की पोस्ट डालने पर जांच बैठ गई है। इस सूचना से लखनऊ तक हड़कंप मच गया। वहीं, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने साइबर सेल से रिपोर्ट मांगी है।
विस्तार
मेरठ में बदमाशों की गोली लगने से घायल हुए दरोगा मुन्नेश सिंह का गाजियाबाद के मैक्स अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, सपा विधायक अतुल प्रधान ने बुधवार सुबह अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट डाली, जिसमें लिखा गया कि दरोगा के निधन होने का दु:खद समाचार मिला है। वहीं, उनकी इस फेसबुक पोस्ट से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया के माध्यम से मामला लखनऊ तक भी पहुंच गया।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने साइबर सेल से रिपोर्ट मांगी है। साथ ही कहा कि विधायक अतुल प्रधान से जवाब मांगा जाएगा।
बताया गया कि विधायक अतुल प्रधान की फेसबुक आईडी से दरोगा की मौत की खबर चलाए जाने के बाद कंकरखेड़ा थाने में पुलिसकर्मी एकत्र हो गए। सूचना से लखनऊ तक हड़कंप मच गया।
वहीं, मैक्स अस्पताल से मुन्नेश सिंह का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वो हॉस्पिटल कैंपस में घूम रहे हैं। अस्पताल में उनके साथ सीओ दौराला और परिवार के लोग मौजूद हैं। कंकरखेड़ा में सेंट्रो लूटने के बाद बदमाशों ने चौकी इंचार्ज मुन्नेश को सीने में गोली मारी थी। पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। घटना के 48 घंटे बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं लगा है।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: दरोगा की हालत गंभीर, मैक्स हॉस्पिटल में चार घंटे चला ऑपरेशन, बदमाशों ने सीने में मारी थी गोली
विधायक अतुल प्रधान ने फेसबुक पर ये लिखा...
विधायक अतुल प्रधान ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा कि कंकरखेड़ा थाना स्थित हाईवे पर कल सुबह (मंगलवार) को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। फायरिंग के दौरान गोली लगने से घायल हुए चौकी इंचार्ज मन्नेश गुर्जर का आज सुबह निधन होने का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और हम सबको इस असहनीय पीड़ा को सहने करने की हिम्मत दे।