{"_id":"6acd0feb1972d0c513065165","slug":"meerut-40-workers-create-a-ruckus-at-the-tyre-factory-gate-no-probation-letter-received-even-after-two-years-2026-10-12","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"मेरठ: टायर फैक्टरी के गेट पर 40 श्रमिकों का हंगामा, दो साल की ट्रेनिंग के बाद भी नहीं मिला प्रोबेशन लेटर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मेरठ: टायर फैक्टरी के गेट पर 40 श्रमिकों का हंगामा, दो साल की ट्रेनिंग के बाद भी नहीं मिला प्रोबेशन लेटर
Mon, 12 Oct 2026 10:21 PM IST
Mohd Mustakim
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ
Published by: Mohd Mustakim
Updated Mon, 12 Oct 2026 10:21 PM IST
सार
मोदीपुरम स्थित कॉन्टिनेंटल कंपनी में 60 श्रमिकों की दो साल पहले नौकरी लगी थी। ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन अब लेटर देने से इंकार करने पर श्रमिकों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच वार्ता कराई है।
विज्ञापन
फैक्टरी के गेट पर श्रमिक।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
टायर बनाने वाली कॉन्टिनेंटल कंपनी में दो वर्ष की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद प्रोबेशन लेटर नहीं मिलने से नाराज करीब 40 श्रमिकों ने सोमवार को कंपनी के गेट पर धरना-प्रदर्शन कर हंगामा किया। श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रोबेशन लेटर जारी करने की मांग उठाई। हंगामे की सूचना पर पल्लवपुरम थाना पुलिस और श्रम प्रबंधन अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने श्रमिकों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत कराई। देर शाम दोनों पक्षों के बीच दीपावली के बाद श्रमिकों की समस्या का समाधान करने पर सहमति बनी। इसके बाद श्रमिक अपनी-अपनी शिफ्ट में काम करने के लिए तैयार हो गए।
विज्ञापन
Trending Videos
दुल्हैड़ा चौहान गांव निवासी राजकुमार चौहान ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी अर्जुन सिंह, राहुल सोम, मयंक, विकास और अन्य साथियों के साथ कॉन्टिनेंटल कंपनी में नौकरी लगी थी। सभी करीब 60 श्रमिक कंपनी के मिक्सिंग प्लांट में काम कर रहे हैं। श्रमिकों का कहना है कि कंपनी में दो वर्ष की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद कर्मचारियों को प्रोबेशन लेटर दिया जाता है। इसके आधार पर उनकी नौकरी की प्रक्रिया आगे बढ़ती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
श्रमिकों ने भी दो वर्ष की ट्रेनिंग पूरी कर ली है, लेकिन अब कंपनी प्रबंधन ने उन्हें प्रोबेशन लेटर देने से मना कर दिया है। इससे श्रमिकों में नाराजगी है। इसी मांग को लेकर सोमवार को करीब 40 श्रमिक कंपनी के गेट पर एकत्र हो गए और धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी। कंपनी के कुछ अधिकारी श्रमिकों को समझाने के लिए गेट पर पहुंचे, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे।
मामले की जानकारी मिलने पर श्रम प्रबंधन अधिकारी शशिकांत पांडे और पल्लवपुरम थाना प्रभारी भरत सारस्वत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने श्रमिकों से बातचीत कर उनकी समस्या जानी। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों और श्रमिकों के बीच वार्ता कराई गई। काफी देर तक चली बातचीत के बाद दीपावली के बाद समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद विरोध समाप्त हुआ। श्रमिक राजकुमार चौहान ने बताया कि फिलहाल सभी श्रमिक अपनी-अपनी शिफ्ट में काम करेंगे। श्रमिकों को उम्मीद है कि कंपनी प्रबंधन दीपावली के बाद उन्हें प्रोबेशन लेटर जारी कर देगा।
ये बोले अधिकारी
दो वर्ष की ट्रेनिंग पूरी कर चुके करीब 60 श्रमिक प्रोबेशन लेटर की मांग कर रहे थे। सोमवार शाम तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझ गया। उम्मीद है कि दीपावली के बाद श्रमिकों की मांग पूरी हो जाएगी।
- शशिकांत पांडे, श्रम प्रबंधन अधिकारी एवं अतिरिक्त कार्यभार मोदीपुरम
दो वर्ष की ट्रेनिंग पूरी कर चुके करीब 60 श्रमिक प्रोबेशन लेटर की मांग कर रहे थे। सोमवार शाम तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझ गया। उम्मीद है कि दीपावली के बाद श्रमिकों की मांग पूरी हो जाएगी।
- शशिकांत पांडे, श्रम प्रबंधन अधिकारी एवं अतिरिक्त कार्यभार मोदीपुरम
ये बोले पीआरओ
अपनी मांगों को लेकर कुछ श्रमिकों ने विरोध किया था। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समाधान निकल गया है। दीपावली के बाद इस मामले में अगला कदम उठाया जाएगा।
-प्रदीप राय, पीआरओ, कॉन्टिनेंटल कंपनी
अपनी मांगों को लेकर कुछ श्रमिकों ने विरोध किया था। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समाधान निकल गया है। दीपावली के बाद इस मामले में अगला कदम उठाया जाएगा।
-प्रदीप राय, पीआरओ, कॉन्टिनेंटल कंपनी