मोदीपुरम।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कृषि विवि किसानों को फल-फूल तथा सब्जी उत्पादन के लिए प्रेरित करें। वैज्ञानिक भी किसानों के हित में ज्यादा से ज्यादा काम करें। यह निर्देश उन्होंने रविवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि में निरीक्षण के दौरान दिए। साथ ही समीक्षा बैठक कर शोध कार्यों के बारे में जानकारी ली। इसके पूर्व कृषि मंत्री ने विवि के मुख्य द्वार पर सरदार पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। कुलपति डॉ. आरके मित्तल ने कृषि मंत्री को बुके भेंटकर स्वागत किया। बैठक में कुलपति ने बताया कि कृषि तकनीकी शोध शिक्षण एवं प्रशिक्षण से किसानों को लाभांवित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री ने कुलपति के साथ केला उत्पादन तकनीकी, कृषि जैविक प्रौद्योगिक विभाग, पशु चिकित्सालय, सेंट्रल लाइब्रेरी, पोल्ट्री अनुसंधान केंद्र, बकरी पालन, नेहरू हॉस्टल, हार्टिकल्चर रिसर्च सेंटर, मत्स अनुसंधान केंद्र आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने नेहरू हॉस्टल के आसपास फूल और सुंदर पौधे लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान रजिस्ट्रार डॉ. बीआर सिंह, निदेशक शोध अनिल सिरोही, डीन वेटनरी प्रो. राजवीर सिंह, डॉ. आरएस सेंगर, डॉ. गजे सिंह, प्रो. डीवी सिंह, प्रो. डीके सिंह, डीन बायोटेक डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. अहमद फहीम, डॉ. मुकेश, प्रो. सुनील, डॉ. अरविंद कुमार, रितुल सिंह, डॉ. यूपी शाही, डॉ. मोहनलाल आदि मौजूद रहे।