Meerut: छेड़छाड़ के आरोपी पर सरेबाजार बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, थानेदार लाइन हाजिर
छात्रा ने छेड़छाड और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कराया था। आरोपी कोर्ट में पेश होकर अपने घर लाैट रहा था। तीनों गोली पेट में लगने से वह गंभीर घायल हो गया।
विस्तार
पुलिस के मुताबिक लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में रहने वाली छात्रा से डेढ़ साल पहले शाहवेज ने छेड़छाड़ की थी। छात्रा ने छेड़छाड और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कराया था। इसी मुकदमे में कोर्ट में पेश होने के लिए शाहवेज जा रहा था। रास्ते में शाहवेज की पीड़िता के परिवार के युवक से कहासुनी हुई थी, जिसमें शाहवेज ने धमकी दी थी। कोर्ट से लौटते समय ताज पैलेस के पास नाला रोड पर शाहवेज ने पीड़िता पक्ष के युवक की पिटाई कर दी। बाद में दूसरे पक्ष ने फायरिंग की।
लापरवाही बरतने पर की कार्रवाई
वारदात के बाद भी थाना प्रभारी सुभाष गौतम ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उसके बाद मेरठ व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जीतू सिंह नागपाल को सूचना मिली तो वह घायल शाहवेज को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि शाहवेज के पिता सगीर की ओर से पीडि़ता के परिवार के पांच नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी की तलाश जारी है।
घटनाक्रम में लापरवाही पर प्रभारी काे लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, जीतू सिंह नागपाल और अनस ठाकुर ने बताया कि पहले वह शाहवेज को जिला अस्पताल ले गए। बाद में अपनी गाड़ी में आनन्द अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: हलचल: मेरठ में रालोद का बड़ा एक्शन, युवा की जिला और नगर कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग
कचहरी से लेकर कांच के पुल तक पीटा, फिर गोलियां बरसाईं
पीड़ित के परिजनों ने बताया कि कचहरी से लेकर नाला रोड कांच के पुल तक रास्ते में बीच-बीच में आरोपियों ने शाहवेज की पिटाई की। पूरे रास्ते पीटा गया, नाला रोड पर कांच के पुल पर ले जाकर गोलियां बरसा दीं। जिसमें तीन गोली लगी है।
भरे बाजार में गोलियां चलने से अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों में भी घुस गए। इतना ही नहीं दुकानदार अपनी दुकानों में घुस गए। सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
तीन दिन से लगातार हो रही फायरिंग
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में बुधवार को शौकीन निवासी समर गार्डन के पैर में गोली लगी थी। गुरुवार को दो पक्षों के बीच विवाद में एक राहगीर के सिर को गोली छूकर निकली थी। अब शुक्रवार को एक बार फिर फायरिंग हुई।