प्रियंका गांधी का बड़ा फैसला: यूपी चुनाव में 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने की घोषणा से बढ़ा उत्साह, मेरठ में मनाया जश्न
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने के फैसले से महिलाओं में उत्साह है। उन्होंने प्रियंका गांधी के इस फैसले की खूब सराहना की और मेरठ में जमकर जश्न मनाया।
विस्तार
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने के एलान के बाद महिला पदाधिकारियों ने फैसले का स्वागत किया। कांग्रेस की महानगर महिला विंग अध्यक्ष ऊषा चिनहट ने लखनऊ में ही पदाधिकारियों के साथ प्रियंका गांधी का स्वागत किया। कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के लिए सबसे पहले प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू की थी। इसमें मेरठ से चार महिलाओं ने अपना आवेदन किया है। हालांकि, प्रियंका गांधी ने 15 नवंबर तक महिलाओं को आवेदन करने की छूट दी है।
मेरठ जिले में हस्तिनापुर से सीमा जाटव, लज्जारानी कर्दम, किठौर से बबीता गुर्जर और सरधना से सपना सोम ने प्रत्याशी के लिए आवेदन किया है। महानगर से किसी भी महिला ने चुनाव के लिए आवेदन नहीं किया है। हालांकि, अब तिथि आगे बढ़ने के बाद महिलाएं कांग्रेस से प्रत्याशी बनकर चुनाव मैदान में उतर सकती हैं।
हमेशा से ही कांग्रेस ने ही महिलाओं को आगे रखा है। वहीं, कार्य अब प्रियंका गांधी कर रही हैं। हम उनके इस फैसले का स्वागत करते हैं - ऊषा चिनहट, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष
प्रियंका गांधी अकेले उत्तर प्रदेश में सरकार को जवाब दे रही हैं। वहीं, इस फैसले से उन्होंने सरकार को बता दिया है कि महिलाएं पीछे हटने वाली नहीं है - किरण बाला - शहर महासचिव
हमारी पार्टी हमेशा से ही महिलाओं के सम्मान में रहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन कांग्रेस के समय में ही उच्च पदों पर रहीं - सुशीला कोहली, महासचिव, महिला प्रदेश कांग्रेस
यह भी पढ़ें: यूपी: मेरठ-करनाल हाईवे पर किसानों का जोरदार प्रदर्शन, धान से लदे वाहन सीमा पर वाहन रोकने पर लगाया जाम
प्रियंका के फैसले का कांग्रेसियों ने किया स्वागत
मेरठ में महिला कांग्रेस कमेटी ने महासचिव प्रियंका गांधी के 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट दिए जाने के फैसले का स्वागत किया है। बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर बुधवार को एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि 160 महिला विधायक उत्तर प्रदेश में जब जीत कर आएंगी तो किसी भी महिला पर अत्याचार करने की हिम्मत नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: उफान पर गंगा: हस्तिनापुर में नाजुक हो रहे खादर क्षेत्र के हालात, फसलें व सड़कें जलमग्न, कई गांवों से टूटा संपर्क
इस दौरान प्रदेश सचिव नसीम खान, जिलाध्यक्ष अवनीश काजला, शहर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, प्रवक्ता हरिकिशन आंबेडकर, संगठन प्रभारी महेंद्र शर्मा व अनिल शर्मा ने महिला नेत्रियों को मिठाई खिलाकर उनका हौंसला बढ़ाया। इस दौरान ऊषा चिन्योट, सपना सोम, राहिला बेगम, किरण बाला, सुशीला कोहली, शारदा सिंह, रेणु शर्मा, मनजीत सिंह कोछड़, आशाराम, देश पाल गुर्जर, राकेश मिश्रा, अमित गोयल, नईम राणा, नसीम सैफी आदि मौजूद रहे।