मेरठ: शास्त्री नगर में छात्रा से छेड़छाड़ के बाद पथराव, सहपाठी घायल, दो आरोपी हिरासत में, मुकदमा दर्ज
- नौचंदी थाना क्षेत्र में वारदात के बाद सांप्रदायिक तनाव, दूसरे समुदाय के युवकों से जान बचाकर एक मकान में घुसी छात्रा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के शास्त्रीनगर में छात्रा से छेड़छाड़ को लेकर रविवार को बखेड़ा हो गया। दूसरे समुदाय के युवकों से जान बचाकर छात्रा एक मकान में घुस गई। जहां पर आरोपियों ने पथराव कर दिया। पथराव में छात्रा का सहपाठी युवक घायल हो गया। इसको लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नौचंदी थाने में हंगामा किया। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस वारदात के बाद सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई।
यह वारदात नौचंदी क्षेत्र के शास्त्री नगर आरटीओ पुल के पास की है। पुलिस के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी एक छात्रा शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में ट्यूशन पढ़ने जाती है। छात्रा के साथ उसका सहपाठी युवक भी ट्यूशन में जाता है। रविवार को छात्रा और उसका सहपाठी शास्त्रीनगर आरटीओ पुल के पास सामान लेने के लिए गए थे। इसी दौरान दूसरे समुदाय के युवकों ने छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा से मारपीट कर दी।
छात्रा से छेड़छाड़ होते देख उसका सहपाठी युवक उनसे भिड़ गया। बताया गया कि आरोपियों ने उक्त युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। आरोपियों से बचकर छात्रा पास ही हबीब के घर में पहुंच गई। जहां पर आरोपियों ने पथराव कर दिया। आरोपियों का दुस्साहस देख लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने घेराबंदी कर दो आरोपी दबोच लिए।
लोगों ने दोनों आरोपियों की जमकर पिटाई की और फिर पुलिस को सूचना दे दी। इसकी जानकारी लगने पर इंस्पेक्टर नौचंदी संजय वर्मा मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। घायल को मेडिकल कॉलेज में भेजा गया। पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों को चोट लगी है।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
इस वारदात की जानकारी लगने पर रविवार देर रात नौचंदी थाने में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझाया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को लेकर सांप्रदायिक तनाव की स्थिति भी बन गई थी। हालांकि अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर शास्त्रीनगर आरटीओ पुलिया के पास पुलिस बल लगा दिया।
आसिफ और उसके दोस्त पर जताया शक
पुलिस के अनुसार छात्रा ने ट्यूशन में पढ़ने वाले आसिफ नाम के युवक पर छेड़खानी करने का शक जताया है। आरोप लगाया कि आसिफ और उसके साथियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आसिफ की तलाश शुरू कर दी है। छात्रा ने बताया कि वह सिर्फ उसका नाम जानती है वह कहां रहता है। इसके बारे में उसको कोई जानकारी नहीं है।
छात्रा का सहपाठी घायल, दो आरोपी हिरासत में, मुकदमा दर्ज
छात्रा से छेड़छाड़ को लेकर मारपीट होना बताया गया है। दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है। आसिफ के दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। -डॉ. अखिलेश नरायण सिंह, एसपी सिटी