मवाना। नगर में बुधवार देर रात फैली एलपीजी की गंध बोहड़ूपुर गांव के रजवाहे की पटरी के पास जंगल में लगी एक टायर फैक्टरी में लिए गए ट्रायल से फैली थी। जांच करने पहुंची पुलिस ने फैक्टरी मालिक से कागज दिखाने को कहा है। वहीं, एसडीएम ने प्रदूषण विभाग की टीम को बुलाकर जांच कराने की जानकारी दी है।
बताते चलें कि बुधवार देर रात नगर में गैस की बदबू के चलते लोग घरों से बाहर निकल आए थे। सांस लेने में लोगों को दिक्कत हो रही थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। वहीं, पुलिस ने मामले की जानकारी से एसडीएम को अवगत कराया था। पुलिस व अधिकारियों ने नगर की गैस एजेंसियों एवं गोदामों पर जाकर जांच की, लेकिन कुछ नहीं मिला था। जिस पर एसडीएम मवाना ने फायर बिग्रेड व स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार को पुलिस ने गैस की गंध आने के कारण आसपास में जांच की थी। इस दौरान पुलिस को बोहडूपुर राजवाहे की पटरी के समीप जंगल में एक फैक्टरी मिली। इसकी जांच करने के बाद पता चला कि बुधवार को मालिक ने ट्रायल किया था। जिसके चलते नगर में गैस की गंध फैली। फैक्टरी मालिक सौरभ ने बताया कि जनवरी 2019 से फैक्टरी निर्माण जारी है। इसमें टायरों को जलाकर तेल व तार निकाला जाएगा। जिसके लिए सभी विभागों से परमिशन ली गई है। पुलिस ने मालिक को सभी कागजात दिखाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, फैक्टरी के समीप एक आयल कंपनी का ट्रक खड़ा होना चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि फैक्टरी मालिक ने ट्रक की जानकारी होने से इनकार किया है। वहीं, थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद ने बताया फैक्ट्री मालिक को कागज दिखाने के लिए निर्देश दिए हैं। वहीं, एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि फ़ैक्टरी की जांच कराने के लिए प्रदूषण विभाग की टीम को बुलाया जाएगा।