मेरठ: कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से लोगों में दहशत, डीएम के आदेश पर तीन इलाके 30 मार्च तक सील
मेरठ में क्रॉकरी व्यापारी इकराम उल हसन का कोरोना सैंपल पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मचा है।
विस्तार
मेरठ में क्रॉकरी व्यापारी इकराम उल हसन का कोरोना सैंपल पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मचा है। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने एहतियात बरतते हुए तीन इलाकों, मकान नंबर 604 शास्त्रीनगर सेक्टर-13, मकान नंबर 287 सराय बहलीम सोहराब गेट कोतवाली और हुमायूं नगर की हकीमुद्दीन मस्जिद से जमुना नगर रोड जियो टावर के सामने काले दरवाजे वाले घर का एक किलोमीटर का इलाका शनिवार सुबह आठ बजे से 30 मार्च की सुबह आठ बजे तक सील कर दिया है। क्रॉकरी व्यापारी के संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है।
इंस्पेक्टर नौचंदी के अनुसार कोरोना पॉजिटिव इकराम उल हसन पुत्र अबुल हसन मूल रूप से मोहम्मद शेख साहिबान खुर्जा बुलंदशहर खुर्जा बुलंदशहर का निवासी है, जो अमरावती महाराष्ट्र में क्रॉकरी व्यापारी है। वह 19 मार्च की रात ट्रेन से मेरठ पहुंचा था। सबसे पहले वह शास्त्रीनगर सेक्टर-13 में अपनी ससुराल पहुंचा था। अगले दिन 20 मार्च को वह मेरठ में ही अपने रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल हुआ था। 26 मार्च को तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण उसकी पत्नी और परिवार के लोग उसे निजी डॉक्टर के पास ले गए थे। डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। इससे पहले इस व्यापारी को तीन निजी अस्पतालों में दिखाया जा चुका था। बाद में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पत्नी और परिवार के दो लोगों को वापस घर भेज दिया गया था।
यह भी पढ़ें: Meerut Lockdown: भूखी-प्यासी 114 किलोमीटर पैदल चलकर सहारनपुर से मेरठ पहुंची गर्भवती महिला, हालत बिगड़ी तो पसीजा पुलिस का दिल
शुक्रवार को कोरोना सैंपल रिपोर्ट आई कि इकराम उल हसन कोरोना पॉजिटिव है तो उसकी पत्नी और संपर्क में रहने वालों की जांच शुरू कराई गई। इनके अतिरिक्त परिवार में रह रहे कुल 17 लोगों में से 14 घर में ही मौजूद मिले।
यह भी पढ़ें: कोरोना वायरस: 200 से ज्यादा लोगों से मिला था खुर्जा का कोरोना संक्रमित शख्स, मेरठ के शास्त्रीनगर समेत दो इलाकों को पुलिस ने किया सील
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आया कि यह क्रॉकरी व्यापारी दो सौ से ज्यादा लोगों से मिला है। शास्त्रीनगर सेक्टर 13 के अलावा वह हुमायूं नगर और सराय बहलीम में गया, जिसके चलते इन तीनों इलाकों में कोरोना का फैलाव रोकने और बचाव व नियंत्रण करने के उद्देश्य से उन्हें सील करने के आदेश दिए गए हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/