यूपी: कांवड़ियों ने युवक को पीटा, मूकदर्शक बने रहे पुलिसकर्मी, बखेड़ा होने से बचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में कांवड़ यात्रा के आखिरी दिन मंगलवार को हापुड़ रोड पर गुलमर्ग के पास बखेड़ा होते बचा। स्कूटी से सड़क पार करने का प्रयास कर रहे युवक को कांवड़ियों ने जमकर पीट दिया। युवक जान बचाकर भागा तो कांवड़िये उसके पीछे दौड़ लिये। बमुश्किल लोगों के समझाने पर कांवड़िये वहां से लौटे और मामला शांत हुआ।
मंगलवार को दिन निकलते ही डाक कांवड़ों का जोर शुरू हो गया था। दोपहर करीब 12:30 बजे एक डाक कांवड़ हापुड़ रोड पर गुलमर्ग सिनेमा के सामने पहुंची। तभी एक स्कूटी सवार युवक कट पार कर कांवड़ मार्ग पर आने का प्रयास करने लगा। इस दौरान डाक कांवड़ लेकर दौड़ रहे एक कांवड़िये ने स्कूटी सवार को रोकने का प्रयास किया।
आरोप है कि स्कूटी सवार ने स्कूटी नहीं रोकी, जिस पर कांवड़िये को गुस्सा आ गया और उसकी स्कूटी सवार से लड़ाई हो गई। यह देख कांवड़िया के साथी भी उस पर टूट पड़े। स्कूटी सवार युवक को सड़क पर नीचे गिराकर लात-घूंसों व वहां पड़ी बल्लियों से पीटना शुरू कर दिया। लोगों की भीड़ जमा हो गई और किसी तरह युवक को बचाया।
मूकदर्शक बने रहे पुलिसकर्मी
गुलमर्ग का इलाका अतिसंवेदनशील श्रेणी में आता है। जिस जगह यह घटना घटी, वह कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है। लेकिन जिस तरफ युवक जान बचाने के लिए भागा, वह सिविल लाइन थाने का इलाका था। यहां थोड़ी दूरी पर कुछ पुलिसकर्मी मौजूद थे जो मूकदर्शक बनकर पूरा नजारा देख रहे थे। करीब 6 से 8 मिनट यह मामला होता रहा। इसके बाद गुस्साए कांवड़िये युवक की स्कूटी को तोड़कर वहां से निकल गए।
नहीं हुई युवक की पहचान
घटना के बाद काफी देर तक स्कूटी सवार युवक हाशिमपुरा की गली में छिपा रहा। जब उसे पता चला कि कांवड़िये चले गए हैं तो वह बाहर निकल आया। लोगों ने उससे उसका नाम व पता जानने का प्रयास किया लेकिन उसने किसी को कुछ नहीं बताया। इसके बाद वह युवक स्कूटी लेकर वहां से चला गया। पुलिस भी युवक के बारे में पूछताछ करती रही लेकिन किसी को कोई जानकारी नहीं थी। इंस्पेक्टर सिविल लाइन के अनुसार जिस समय घटना हुई तो चौकी प्रभारी सूरजकुंड सबसे पहले मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक कांवड़िये और वह युवक वहां से जा चुके थे। वारदात का स्थान कोतवाली थाना क्षेत्र था। युवक जान बचाने के लिए जिस गली में भागा, वह सिविल लाइन में आती है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/