जेठ ने रिवाल्वर की नोक पर किया दुष्कर्म का प्रयास, आहत विवाहिता ने कर ली आत्महत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में भौराकलां थाना क्षेत्र के एक गांव में जेठ द्वारा दुष्कर्म का प्रयास किए जाने से आहत विवाहिता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि ससुराल वाले और रिश्तेदार भी विवाहिता पर जेठ के खिलाफ दर्ज कराए मुकदमे को वापस लेने का दबाव बना रहे थे। भौराकलां पुलिस ने आरोपी जेठ को तीन दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव निवासी 28 वर्षीया विवाहिता के साथ 19 अप्रैल की रात को उसके जेठ ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। 20 अप्रैल को विवाहिता ने भौराकलां थाने पर जेठ के खिलाफ दुराचार का प्रयास करना, कपड़े फाड़ना और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। महिला ने रिपोर्ट में बताया था कि 19 अप्रैल की रात वह मकान में अकेली थी। उसका चालक पति बाहर गया था। उसी दौरान जेठ ने छत के रास्ते मकान में घुस कर लाइसेंसी रिवाल्वर दिखाकर आतंकित कर उससे रेप का प्रयास किया। महिला के साथ मारपीट कर किसी को इसका जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी जेठ प्रवीण कुमार को गिरफ्तार कर उसी दिन जेल भेज दिया था। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर को भी जब्त कर लिया था। बताया गया है कि जेठ के जेल जाने पर ससुराल वाले और रिश्तेदार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव डाल रहे थे, जिससे आहत पीड़िता ने सोमवार सुबह जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और उसे शामली अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर अवस्था में उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर शाहदरा, दिल्ली के अस्पताल में लेकर गए, जहां पर शाम को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पढ़ें : सिपाही पति पर लगाया दुराचार का आरोप, संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज, निलंबित
भौराकलां इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि विवाहिता ने जेठ के खिलाफ रेप के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी जेठ प्रवीण को जेल भेज दिया था। सोमवार को विवाहिता ने जहर खा लिया। शाहदरा के अस्पताल में उसकी मौत हो गई। दिल्ली में उसके शव का पोस्टमार्टम होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं को तरमीम किया जाएगा। इसके अलावा परिजन जो तहरीर देकर उस पर कार्रवाई की जाएगी।
दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
जेठ की दरिंदगी और ससुराल वाले के व्यवहार से आहत आत्महत्या करने वाली विवाहिता दिल्ली की निवासी थी। वर्ष 2012 में उसकी शादी भौराकलां क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। उसका पति चालक है। विवाहिता दो बच्चों की मां थी। उसकी मौत से दोनों मासूमों के सिर से मां का साया उठ गया। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/