यूपी: अखिलेश ने बताया कैसे मुफ्त योजनाओं के लिए निकालेंगे पैसा, अर्थशास्त्रियों ने आर्थिक क्षमता पर उठाए सवाल
SP election manifesto: गुरुवार को सपा ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था। बाद में पार्टी ने इस बार विस्तार से बताया कि इसके लिए पैसा कहां से जुटाने वाली है।
विस्तार
सपा ने चुनावी प्रणपत्र की लाभार्थीपरक योजनाओं को लागू करने में आने वाले खर्च का खाका पेश किया है। पांच बड़ी घोषणाओं समेत सभी स्कीमों को लागू करने के लिए एक लाख करोड़ रुपये सालाना की दरकार होगी। स्कीमों के दायरे में आने वाले लोगों का ब्योरा भी दिया है।
सपा के विश्लेषण के अनुसार, महिला समृद्धि योजना के तहत एक करोड़ महिलाओं को लाभांवित किया जाएगा। इसके लिए प्रति महिला 40 हजार रुपये सालाना के हिसाब से 41000 करोड़ रुपये की जरूरत होगी। यह उसकी सबसे बड़ी चुनावी घोषणा है, जिस पर 41 फीसदी राशि खर्च होगी।
सपा का आकलन है कि महिलाओं के लिए माइक्रोफाइनेंस (सूक्ष्म वित्तपोषण) के तहत 20 हजार रुपये की मदद की जाएगी। इस योजना पर करीब 11 हजार करोड़ खर्च होंगे। प्रति वर्ष 27.6 लाख कुशल युवाओं को प्लेसमेंट नहीं मिल पाता है, जो कुल बाजार में शामिल होने वाली नई कुशल श्रम शक्ति का 45.6 फीसदी होता है। इन्हें रोजगार दिलवाया जाएगा। जिनको रोजगार नहीं मिलेगा, उन्हें 5000 रुपये प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देने पर 9900 करोड़ रुपये सालाना खर्च आएगा।
कन्या विद्या धन पर पहले वर्ष में 4900 करोड़ रुपये की जरूरत होगी, जिसमें कक्षा-12 पास करने वाली 12 लाख लड़कियां शामिल की जाएंगी। इन्हें लगातार तीन वर्ष तक 40 हजार रुपये प्रति वर्ष के हिसाब से लाभ मिलेगा। 80 लाख से एक करोड़ तक किसानों का ऋण माफ करने के लिए हर साल (लगातार तीन वर्ष तक) 15000 करोड़ की जरूरत होगी। अन्य घोषणाओं के लिए 18200 करोड़ रुपये प्रति वर्ष खर्च आने का अनुमान लगाया गया है।
होमवर्क पूरा, आसानी से कर लेंगे बजट प्रबंध : आलोक रंजन
10 ग्राम सोना देने की घोषणा पर उन्होंने कहा कि कन्या सुमंगला योजना की तर्ज पर जन्म लेते ही लड़कियों के नाम बैंक में उतनी धनराशि जमा की जाएगी, जो उनके 18 साल के होने तक 10 ग्राम सोना खरीदने लायक हो जाएगी। शेष योजनाओं के लिए भी बजट से धनराशि जुटाना मुश्किल काम नहीं होगा।
यूपी की क्षमता नहीं...मुफ्त बांटे एक लाख करोड़
सपा के घोषणापत्र को अर्थशास्त्रियों ने कसौटी पर परखते हुए दावा किया कि एक लाख करोड़ रुपये सालाना की मुफ्त योजनाओं को लागू करने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था बैक गियर में चली जाएगी। घाटे की अर्थव्यवस्था को कर्ज मिलने में अड़चन आएगी और निवेशक छिटक जाएंगे। उनके मुताबिक, यूपी की क्षमता इतनी नहीं कि हर साल एक लाख करोड़ रुपये मुफ्त योजनाओं पर खर्च करे।
मुफ्त बिजली देने पर अर्थशास्त्रियों की राय है कि इससे फालतू खर्च बढ़ेगा। लोग जरूरत से ज्यादा बिजली इस्तेमाल करेंगे। सोलर पैनल लगवाने में भी रुचि नहीं लेंगे। इससे बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर ध्वस्त हो जाएगा। वरिष्ठ अर्थशास्त्री मनोज अग्रवाल ने कहा कि सपा के घोषणापत्र में खर्च पर फोकस है लेकिन आय पर नहीं।
अग्रवाल ने कहा कि मुफ्त योजनाओं पर खर्च का सीधा असर पूंजी पर आएगा। जब आप बचत से खर्च करते हैं तो घर हो या राज्य या देश...बजट असंतुलित हो जाता है। खजाना खाली होने लगता है। खाली खजाने और लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था पर वित्तीय संस्थाएं कर्ज देने से कतराती हैं। कर्ज अटका तो विकास पर ब्रेक लग जाएगा और निवेशक छिटक जाएंगे।
एक बड़ी वित्तीय कंपनी में सलाहकार मधुमिता खरे ने 50 करोड़ के ठेकों पर आरक्षण की घोषणा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यूपी की ग्रोथ में केंद्र का बड़ा योगदान है। इसलिए डबल इंजन की सरकार को हल्के में नहीं लेना चाहिए। सपा सरकार आने पर घोषणापत्र लागू हुआ तो सिंगल इंजन की सरकार मुफ्त योजनाओं के दम पर चरमरा सकती है।
फ्रीबीज पर खजाना खाली किया तो विकास पर होगी असर : महेंद्र
अर्थशास्त्री महेंद्र पी. सिंह का कहना है कि लंबे समय बाद यूपी रेवेन्यू सरप्लस राज्य हुआ है। यदि मुफ्त योजनाओं (फ्रीबीज) पर ही खजाना खाली कर देंगे तो विकास पर असर आएगा। वित्त विशेषज्ञ आर के तिवारी ने कहा कि यूपी के लिए अगले दस साल बहुत अहम हैं। यूपी को दस खरब डालर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य वर्ष 2030 है लेकिन इतनी बड़ी संख्या में मुफ्त योजनाएं लागू हुईं तो 20 साल में भी ये लक्ष्य पूरा नहीं होगा।
