Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Food Storage Mistakes: How to Store Cooked Food, Spinach, Sprouts and Vegetables Safely

सेहत: फ्रिज में खाना रखने की ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी, पालक-स्प्राउट्स-पकी सब्जियों को ऐसे करें स्टोर

Sat, 21 Nov 2026 08:06 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Sat, 21 Nov 2026 08:06 AM IST
विज्ञापन
Food Storage Mistakes: How to Store Cooked Food, Spinach, Sprouts and Vegetables Safely
फ्रिज में ऐसे रखें सब्जियां - फोटो : अमर उजाला

घरों में अक्सर समय बचाने के लिए एक साथ कई दिनों की सब्जियां काटकर रख दी जाती हैं। कुछ लोग सुबह की भागदौड़ से बचने के लिए रात में ही सब्जियां काटकर फ्रिज में रख देते हैं, तो कुछ पकी हुई दाल-सब्जी और चावल को बाउल में भरकर कई दिनों तक इस्तेमाल करते हैं। वहीं, पालक, मेथी, अदरक और स्प्राउट्स जैसी चीजों को भी फ्रिज में रखने का चलन है। लेकिन क्या इन सभी चीजों को एक ही तरीके से स्टोर करना सही है? क्या पका हुआ खाना फ्रिज में रखने से उसके पोषक तत्व खत्म हो जाते हैं? और क्या सब्जियों को काटकर सीधे डीप फ्रीजर में रख देना चाहिए? आईए जानते हैं।

विज्ञापन


खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, खाने को फ्रिज या फ्रीजर में रखना अपने आप में गलत नहीं है। सही तापमान, साफ-सफाई, नमी का नियंत्रण और स्टोर करने का तरीका अधिक महत्वपूर्ण है। गलत तरीके से रखा गया भोजन जल्दी खराब हो सकता है और उसमें हानिकारक बैक्टीरिया पनपने का जोखिम भी बढ़ सकता है।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: सर्दियों में रंगों से महकाएं बालकनी: लगाएं ये 10 फूलों के पौधे, ज्यादा फूलों के लिए ऐसे करें गमलों की देखभाल

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

क्या कुछ पकी हुई चीजें फ्रिज में बिल्कुल नहीं रखनी चाहिए?
आमतौर पर यह धारणा है कि चावल, पालक या आलू से बनी सब्जी को पकाने के बाद फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। लेकिन यह कहना सही नहीं है कि इन चीजों को फ्रिज में रखना पूरी तरह गलत है। पके हुए चावल, दाल और सब्जियों को भी सही तरीके से ठंडा करके फ्रिज में रखा जा सकता है। असली खतरा इन्हें लंबे समय तक सामान्य तापमान पर छोड़ने से पैदा होता है।

चावल: पके हुए चावल को लंबे समय तक बाहर छोड़ना जोखिम भरा हो सकता है। इनमें बैसिलस सेरेस नामक बैक्टीरिया के बीजाणु मौजूद हो सकते हैं, जो पकाने के बाद भी बच सकते हैं। चावल को पकाने के बाद जल्द ठंडा करके छोटे कंटेनर में फ्रिज में रखें। इसे कई घंटे रसोई में छोड़कर बाद में फ्रिज में रखना सही नहीं है।

पालक और हरी पत्तेदार सब्जियां: पकी हुई पालक की सब्जी को फ्रिज में रखने पर कोई सामान्य प्रतिबंध नहीं है। इसे साफ, ढके हुए कंटेनर में रखकर जल्द ठंडा करें। बार-बार पूरी मात्रा गर्म करने के बजाय जितनी जरूरत हो, उतनी ही निकालें।

आलू की सब्जी: पके हुए आलू को भी फ्रिज में रखा जा सकता है। ध्यान रखें कि इसे लंबे समय तक बाहर न छोड़ें और साफ कंटेनर में स्टोर करें।

दाल और दूसरी पकी सब्जियां: इन्हें भी फ्रिज में रखना सुरक्षित हो सकता है। इन्हें छोटे हिस्सों में बांटकर रखें, ताकि जल्दी ठंडा हो सकें। बचा हुआ खाना सामान्य तौर पर तीन से चार दिन के भीतर इस्तेमाल करना बेहतर है। इससे अधिक समय के लिए रखना हो तो फ्रीजर का विकल्प अपनाया जा सकता है।

ध्यान रखें कि पके भोजन को सामान्य तापमान पर दो घंटे से ज्यादा न छोड़ें। अगर आसपास का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से अधिक है तो एक घंटे के भीतर फ्रिज में रखना चाहिए। फ्रिज का तापमान लगभग 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रखना बेहतर है।

पालक, अदरक और स्प्राउट्स को कैसे करें स्टोर?
पालक और मेथी: हरी पत्तेदार सब्जियों को घर लाने के बाद खराब और पीली पत्तियां अलग कर दें। अगर सब्जी गीली है तो उसे साफ कपड़े या पेपर टॉवल से सुखाकर रखें। इसके बाद हल्के ढीले पेपर टॉवल के साथ छेद वाले या हवादार कंटेनर में रखकर फ्रिज के वेजिटेबल ड्रॉअर में स्टोर करें। जरूरत से पहले धोकर गीला करके रखने से बचें, क्योंकि अतिरिक्त नमी से पत्तियां जल्दी गल सकती हैं। इस्तेमाल से पहले बहते पानी में अच्छी तरह धो लें।

अदरक: अदरक को फ्रिज में रखना गलत नहीं है। बिना छीले अदरक को सूखे और एयरटाइट बैग या कंटेनर में रखकर फ्रिज के वेजिटेबल सेक्शन में स्टोर किया जा सकता है। अगर लंबे समय तक इस्तेमाल करना है तो इसे छीलकर, काटकर या कद्दूकस करके छोटे हिस्सों में फ्रीज किया जा सकता है। इससे जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा अदरक निकालना आसान रहता है।

स्प्राउट्स यानी अंकुरित अनाज: अंकुरित मूंग, चना और अन्य स्प्राउट्स को कमरे के तापमान पर लंबे समय तक नहीं छोड़ना चाहिए। इन्हें साफ, ढके हुए कंटेनर में फ्रिज में रखें और जल्द इस्तेमाल करें। खास बात यह है कि अंकुरण के दौरान गर्म और नम वातावरण में हानिकारक बैक्टीरिया भी बढ़ सकते हैं। केवल फ्रिज में रखने से ये बैक्टीरिया खत्म नहीं होते। इसलिए बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए कच्चे स्प्राउट्स के बजाय अच्छी तरह पकाकर खाना अधिक सुरक्षित है।

इन्हें सामान्य तापमान पर रखें
आलू: ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखें। प्याज के साथ एक ही बंद थैले में न रखें।
प्याज: सूखी और हवादार जगह पर रखें। कटे हुए प्याज को ढककर फ्रिज में रखें।
लहसुन: साबुत लहसुन को सूखी और हवादार जगह पर रखें।
कच्चे टमाटर: पकने तक सामान्य तापमान पर रख सकते हैं। पूरी तरह पकने के बाद फ्रिज में रखना विकल्प है।
कद्दू: साबुत और बिना कटे कद्दू को ठंडी, सूखी जगह पर रखा जा सकता है।

इन्हें  फ्रिज ड्राअर में रखें:
पालक, मेथी और धनिया: अतिरिक्त नमी से बचाकर वेजिटेबल ड्रॉअर में रखें।
गाजर और मूली: पत्तियां हटाकर फ्रिज में रखें। इससे नमी और ताजगी बेहतर बनी रहती है।
मटर और बीन्स: साफ और सूखे कंटेनर या बैग में फ्रिज में रखें।
फूलगोभी और ब्रोकली: बिना धोए, सूखे और हवादार बैग में फ्रिज में रखें।
कटे हुए फल और सब्जियां: साफ, ढके हुए कंटेनर में रखकर फ्रिज में रखें और जल्द इस्तेमाल करें।

सब्जियां काटकर या पकाकर डीप फ्रीजर में रख सकते हैं 
कई घरों में मटर छीलकर, गाजर काटकर, बीन्स के टुकड़े करके या पालक उबालकर फ्रीजर में रख दिया जाता है। यह तरीका समय बचाने के लिए उपयोगी हो सकता है। लेकिन सभी सब्जियों को बिना तैयारी के सीधे फ्रीजर में रखना सही नहीं है।

अधिकतर सब्जियों को फ्रीज करने से पहले ब्लांच करना बेहतर होता है। ब्लांचिंग का मतलब है सब्जियों को कुछ समय के लिए उबलते पानी में डालना और फिर तुरंत ठंडे या बर्फ वाले पानी में डालकर ठंडा करना। इससे सब्जियों के रंग, स्वाद और बनावट को लंबे समय तक बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। हालांकि, हर सब्जी के लिए ब्लांचिंग का समय अलग होता है।

डीप फ्रीजर में सब्जियां रखने का सही तरीका
ताजी और अच्छी गुणवत्ता वाली सब्जियां चुनें। इन्हें पानी से अच्छी तरह धो लें, गाजर, बीन्स, मटर, फूलगोभी और पालक जैसी सब्जियों को हलका बॉयल करें। इसके बाद तुरंत ठंडे पानी में डालें। पानी से निकालकर अलग अलग क्यूब्स या पैकेट बनाकर फ्रीजर सेफ बैग या कंटेनर में रखकर ऊपर तारीख लिख दें, ताकि पता रहे कि सब्जियां कब फ्रीज की गई थीं। फ्रीजर का तापमान लगभग -18 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रखें।  फ्रीजर में रखी सब्जियों को बार-बार बाहर निकालकर पिघलाने और फिर दोबारा जमाने से बचें। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed