Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Delhi: Lessons in investment alongside shopping at the trade fair

ट्रेड फेयर दिल्ली: व्यापार मेले में खरीदारी के साथ निवेश की पाठशाला, छोटी बचत से बड़े सपने पूरे करने की तैयारी

Sun, 22 Nov 2026 01:58 AM IST
दुष्यंत शर्मा सचिन कुमार, नई दिल्ली
सचिन कुमार, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Sun, 22 Nov 2026 01:58 AM IST
सार

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में जहां लोग घर सजाने का सामान, कपड़े, हस्तशिल्प और तरह-तरह के पकवानों पर पैसे खर्च कर रहे हैं, वहीं कुछ पवेलियन ऐसे भी हैं, जहां उन्हें पैसे बचाने और निवेश करने का तरीका सिखाया जा रहा है।

विज्ञापन
Delhi: Lessons in investment alongside shopping at the trade fair
व्यापार मेले में खरीदारी करते लोग - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में जहां लोग घर सजाने का सामान, कपड़े, हस्तशिल्प और तरह-तरह के पकवानों पर पैसे खर्च कर रहे हैं, वहीं कुछ पवेलियन ऐसे भी हैं, जहां उन्हें पैसे बचाने और निवेश करने का तरीका सिखाया जा रहा है। यहां आने वाले लोगों को बताया जा रहा है कि छोटी-छोटी बचत के जरिए बच्चों की पढ़ाई, अपना घर और बुढ़ापे की आर्थिक जरूरतों के लिए बड़ा फंड कैसे तैयार किया जा सकता है। इस तरह मेला खरीदारी के साथ वित्तीय जागरूकता का मंच भी बन रहा है।

विज्ञापन


मेले में सेबी, एलआईसी और विभिन्न बैंकों के पवेलियन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां विशेषज्ञ आम लोगों को समझा रहे हैं कि केवल कमाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका सही प्रबंधन, सुरक्षित निवेश और भविष्य की जरूरतों के लिए योजना बनाना भी जरूरी है। खास बात यह है कि निवेश संबंधी जानकारी आम परिवारों की आय और जरूरतों को ध्यान में रखकर दी जा रही है।
विज्ञापन


एसआईपी से लेकर शेयर बाजार तक की जानकारी
हॉल नंबर चार में स्थित सेबी के भारत का शेयर बाजार पवेलियन में एनएसई, बीएसई और म्यूचुअल फंड से जुड़े विशेषज्ञ लोगों को निवेश के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दे रहे हैं। यहां एसआईपी, बॉन्ड और शेयर बाजार में निवेश के तरीके समझाए जा रहे हैं। लोगों को बताया जा रहा है कि नियमित रूप से छोटी रकम का निवेश लंबे समय में बड़ा फंड बनाने में मदद कर सकता है। इसके अलावा पुराने कागजी शेयरों को डीमैट खाते में बदलने और केवाईसी अपडेट कराने की सुविधा भी उपलब्ध है।
विज्ञापन
विज्ञापन


डिजिटल ठगी से बचने के तरीके भी सिखाए जा रहे
निवेश के साथ अपनी जमा पूंजी को सुरक्षित रखना भी जरूरी है। डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच फर्जी लिंक, ऐप और निवेश योजनाओं के जरिए ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए मेले में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इंटरैक्टिव डेमो के माध्यम से लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने और बिना जांच-पड़ताल निवेश करने के जोखिम बताए जा रहे हैं।

बीमा और बैंकिंग सेवाओं की भी जानकारी
बैंकों के पवेलियन में बचत खाते, एफडी, लोन और अन्य सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। लोग अधिकारियों से सीधे ऋण की ब्याज दरों और शर्तों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। वहीं, एलआईसी के पवेलियन में जीवन बीमा और परिवार की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है। विशेषज्ञ समझा रहे हैं कि परिवार के कमाने वाले सदस्य के साथ किसी अनहोनी की स्थिति में आर्थिक संकट से बचने के लिए पहले से तैयारी करना कितना जरूरी है।

बच्चों की पढ़ाई से रिटायरमेंट तक की योजना
मेले में लोगों को अपनी आमदनी के अनुसार वित्तीय योजना बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसमें बच्चों की उच्च शिक्षा, घर खरीदने, इलाज और रिटायरमेंट जैसे बड़े खर्चों को प्राथमिकता देने की जानकारी शामिल है। कुल मिलाकर, इन पवेलियनों का संदेश है कि सही बचत, सोच-समझकर निवेश और पर्याप्त बीमा के जरिए भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाया जा सकता है।

दिल्ली के बाजार में बिखरी झारखंड की लोककला की छटा
मिट्टी की खुशबू, लोकजीवन की कहानियां और प्रकृति से जुड़ी मान्यताएं अब दिल्ली के बड़े बाजार तक पहुंच रही हैं। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में झारखंड पवेलियन की पैतकर और सोहराय-खोवर चित्रकारी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। पीढ़ियों से चली आ रही इन कलाओं को कलाकार अब कैनवास के साथ घरों की सजावट और रोजमर्रा के उपयोग वाले उत्पादों पर भी उकेर रहे हैं।

कारीगर जंतु कोपे अपनी कलाकृतियों के जरिए झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को नया स्वरूप दे रहे हैं। उनकी पेंटिंग में पशु-पक्षियों, प्रकृति और आदिवासी जीवन की झलक देखने को मिलती है। इन चित्रों की खासियत प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल है। रंग तैयार करने के लिए पत्थरों को घिसने के अलावा लाल-पीली मिट्टी, कोयले और चूने का उपयोग किया जाता है।

सिंहभूम की पैतकर कला में लोककथाओं, कृष्ण लीला और जीवन-मृत्यु के चक्र को चित्रों के माध्यम से दर्शाया जाता है। वहीं, हजारीबाग की सोहराय-खोवर चित्रकारी में पशु-पक्षियों, पेड़-पौधों और ज्यामितीय आकृतियों को विशेष रेखाओं व बिंदुओं से उकेरा जाता है।

जंतु कोपे के अनुसार, एक बड़ी पेंटिंग तैयार करने में तीन से चार दिन, जबकि छोटी पेंटिंग बनाने में करीब एक दिन लगता है। कैनवास और सजावटी उत्पादों के माध्यम से ये पारंपरिक कलाएं अब आधुनिक जीवनशैली में भी अपनी जगह बना रही हैं।

वीकेंड पर व्यापार मेले में उमड़ी भीड़, 70 हजार पहुंचे
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला शनिवार को वीकेंड की रौनक से गुलजार रहा। छुट्टी के दिन सुबह से ही भारत मंडपम में दर्शकों की आवाजाही शुरू हो गई। दिनभर में करीब 70 हजार लोग मेला देखने पहुंचे। दोपहर होते-होते प्रमुख पवेलियन, खानपान क्षेत्र और खरीदारी के स्टॉल पर भीड़ बढ़ गई।

सुबह 10 बजे मेला खुलने के साथ ही प्रवेश द्वारों पर दर्शकों की कतारें लगने लगीं। अलग-अलग राज्यों के पवेलियन में लोगों ने पारंपरिक उत्पादों और हस्तशिल्प में रुचि दिखाई। बंगाल की मिठाइयों से लेकर बिहार, राजस्थान, पंजाब और दक्षिण भारतीय व्यंजनों तक लोगों ने क्षेत्रीय जायकों का आनंद लिया। कपड़े, आभूषण और घरेलू सामान के स्टॉल पर भी खरीदार जुटे रहे।


बच्चों और युवाओं के लिए मनोरंजन, आधुनिक तकनीक और खेल से जुड़े आकर्षण खास रहे। परिवारों ने विभिन्न राज्यों की संस्कृति और खानपान का अनुभव लिया। कई पवेलियन में दर्शक तस्वीरें लेते और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद उठाते नजर आए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed