Bijnor: भाकियू कार्यकर्ताओं ने गन्ना क्रय केंद्र हटाने पर जताया रोष, अनिश्चितकालीन धरना किया शुरू
ग्राम सुनपता में नया क्रय केंद्र लगवाने, गन्ना बकाया भुगतान व अन्य समस्याओं को लेकर किसानों ने कहा है कि वह जब तक गन्ना छिलाई नहीं करेंगे तब तक उनके गांव में क्रय केंद्र स्थापित नहीं होगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में अफजलगढ़ थानाक्षेत्र में भाकियू कार्यकर्ताओं व जाफराबाद के किसानों ने गांव स्थित 17 वर्षों पुराना गन्ना क्रय केंद्र हटाए जाने पर क्षुब्ध होकर मिल गेट पर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया। दो दिन पूर्व गन्ना क्रय केंद्र स्थापित कराने की मांग को लेकर गन्ना समिति में भी धरना प्रदर्शन कर मांग पूरी न होने पर मिल गेट पर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।
रविवार को भाकियू कार्यकर्ता व किसान ब्लाक अध्यक्ष मदन राणा के नेतृत्व में द्वारिकेश मिल गेट पर एकत्र हुए ओर धरने पर बैठ गए। धरना प्रदर्शन में किसानों ने जमकर नारेबाजी की। धरने को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गांव जाफराबाद में पिछले 17 वर्षों से गन्ना क्रय केंद्र संचालित था जिसको इस वर्ष मिल अधिकारीयों की हठधर्मिता के चलते हटा दिया गया है।इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें:Saharanpur: CM योगी बोले-विकास में भेदभाव नहीं, 145 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
ग्रामीणों का कहना है कि बार बार मांग करने के बाद भी मिल की ओर से गन्ना क्रय केन्द्र नही स्थापित कराया गया, जबकि द्वारिकेश शुगर मिल अधिकारी गन्ना क्रय केंद्र को गांव से हटाकर अन्यत्र लगाना चाहते है। जो नियम विरुद्ध है।
इसके अलावा अगोला पत्ती पर मिल की ओर से गंडासा चलाने का विरोध किया गया वहीं उन्होनें गन्ना मूल्य कम से कम 400 रूपये प्रति कुंतल किये जाने की मांग की है। ब्लाॅक अध्यक्ष मदन राणा ने बताया कि जब तक मिल की ओर से उनकी मांगे नही मानी जाती हैं तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।