आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले युवक पर मुकदमा दर्ज, पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका
यूपी के बागपत में जोश नाम से चलाए जा रहे व्हाट्सएप ग्रुप पर देश विरोधी आपत्तिजनक पोस्ट डालने के मामले में एक युवक को नामजद कराते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
दोघट क्षेत्र में जोश नाम से बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप पर देश विरोधी आपत्तिनजक पोस्ट डाली जा रही थी। भारत और पाकिस्तान के झंडोंऔर राष्ट्र चिह्नों को मिलाकर भी आपत्तिजनक और अश्लील पोस्ट इस ग्रुप में डाली गई। इससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
बुधवार को बामनौली निवासी दीपक कुमार ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि व्हाट्सएप पर जोश नाम से ग्रुप संचालित है, जिस पर देश विरोधी मैसेज डालकर वायरल किए जा रहे हैं। पुलिस ने इस बारे में जानकारी की तो इस ग्रुप का एडमिन नईम निवासी पलड़ा निकला। वह गांव में जनसेवा केंद्र चला रहा है।
पुलिस ने आरोपी नईम के खिलाफ राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा 2, सूचना प्रोद्यौगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 66 व धारा 292 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसओ चितवन कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ग्रुप के सदस्यों की जांच, पाकिस्तान कनेक्शन तो नहीं
ग्रुप में लगातार देश विरोधी पोस्ट डाली गई। पुलिस ने ग्रुप के प्रत्येक सदस्य की पड़ताल शुरू कर दी है। संदिग्ध नंबरों की जांच की जा रही है। कई ऐसे नंबर हैं, जिनके पाकिस्तान के होने का अंदेशा है। एसओ चितवन कुमार का कहना है कि जांच की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/