मऊ। सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को घोसी क्षेत्र के पांच आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोद भराई और अन्न प्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के पोषण, स्वास्थ्य तथा बेहतर देखभाल को लेकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में दो नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन और नौ गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कराई गई।
मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्त ने कहा कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म और उसके बाद के शुरुआती वर्षों तक मां और बच्चे के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। परिवार के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक देखभाल उपलब्ध हो। अंत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान साधना राय, रुक्मिणी, इंदुबाला राय, अमृता, अनिता यादव, रेखा, विमला, बिंदु, शीला, रीना सिंह और पानमती, निर्मला सिंह आदि शामिल थे। संवाद