मऊ। सावन मास के तीसरे सोमवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में शिवभक्तों ने घरों पर ही पार्थिव शिवलिंग बनाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बेलपत्र और दूध आदि चढ़ा कर विधि विधान से पूजन अर्चन किया। कई शिव मंदिरों पर भक्तों ने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ पूजन अर्चन किया। जबकि अधिकांश लोगों ने ने घर ही महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान घर आंगन हर-हर महादेव से गूंजते रहे। लोगों ने पूरे दिन भगवान का व्रत रखा और मंगलमय जीवन की कामना की। सोमवार को तड़के ही भगवान शिव का पूजन अर्चन करने का क्रम शुरू हो गया। नगर में मठियाटोला शिवमंदिर, हनुमानघाट, भीटी स्थित शिवमंदिर, पावरहाउस कालोनी स्थित शिवमंदिर, बालनिकेतन मोड़ स्थित शिवमंदिर और कैलाशपुरी, पक्का पोखरा शिवमंदिर, कतुआपुरा शिवाला सहित विभिन्न मंदिरों पर कुछ भक्तों ने भगवान शिव का सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जलाभिषेक किया। साथ ही विधि विधान से पूजन अर्चन किया। बढुआगोदाम: क्षेत्र के नेशनल हाइवे स्थित ताजोपुर इंडस्ट्रीयल स्टेट स्थित शिव मंदिर, बढुआगोदाम, डुमरांव, सिंधी बाबा की कुटी स्थित शिव मंदिरों में स्थापित शिवलिंग पर बेलपत्र, अक्षत, दूध आदि से भगवान शंकर का पूजन अर्चन किया। हर-हर महादेव से वातावरण गूंज उठा। रानीपुर: क्षेत्र के काझा, रामवन कुटी स्थित शिव मंदिर, ब्राह्मणपुरा सहित विभिन्न गांवों में स्थित शिव मंदिरों और मंदिरों में तड़के से ही शिवभक्तों ने मंदिरों में स्थापित शिवलिंग पर बेलपत्र, अक्षत, दूध आदि से भगवान शंकर का विधि विधान से पूजन अर्चन किया। हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण गूंजता रहा।