यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम मंगलवार को घोषित हो गया। जहां इंटरमीडिएट का रिजल्ट 70.55 प्रतिशत तो वहीं हाईस्कूल का 91.78 प्रतिशत रहा। जिले की मेरिट लिस्ट में छात्राओं ने दबदबा बनाया। इंटर में तीन और हाईस्कूल में दो बेटियों ने परचम लहराया। इंटरमीडिएट में एस देवी इंटर कालेज मधुबन की छात्रा साक्षी शर्मा, श्री जोखन यादव इंटर कालेज भेलउर चंगेरी की छात्रा शिवांगी गुप्ता तथा बीएसआरके इंटर कालेज रामनगर खालसा की छात्रा सारिका पांडेय ने क्रमश: 94.40 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। जबकि श्री जोखन इंटर कालेज भेलउर चंगेरी की छात्रा शिवा शुक्ला, तालीमुद्दीन गर्ल्स इंटर कालेज की छात्रा इस्मत जहां ने क्रमश: 94.20 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। दीपदेव इंटर कालेज हलधरपुर की छात्रा रागिनी यादव, बीएसआरके इंटर कालेज रामनगर खालसा की छात्रा अंशिका प्रजापति, श्री कैलाश स्मारक इंटर कालेज की छात्रा आकृति यादव ने क्रमश: 94 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। हाईस्कूल में नेहरु इंटर कालेज रतनपुरा की छात्रा सुषमा यादव, बीएसआरके इंटर कालेज रामनगर खालसा की छात्रा प्रिया विश्वकर्मा ने क्रमश: 95.83 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान हासिल किया। मां वैष्णो इंटर कालेज मझवारा की छात्रा प्रिया यादव, अभिराज दास हायर सेंकेंड्री स्कूल भानपुर दुबारी की छात्रा क्रमश: 95.67 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। जबकि एस देबी इंटर कालेज मधुबन की छात्रा खुशी मौर्या, नंदिनी मौर्या ने क्रमश: 95.50 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया।यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा 2023 जिले के 138 परीक्षा केंद्रों पर हुई थी। इंटरमीडिएट में बालक 23101, बालिका 21310 सहित 44411 पंजीकृत रहे। जबकि बालक 19191, बालिका 18635 सहित 37826 परीक्षार्थी शामिल हुए। हाईस्कूल में बालक 25637 बालिका 22137 सहित 47774 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। जबकि बालक 17265, बालिका 18597 सहित 35862 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। बोर्ड द्वारा घोषित होने वाले रिजल्ट के मद्देनजर मंगलवार को सुबह से ही परीक्षार्थियों के दिल की धड़कनें तेज थी। रिजल्ट अपराह्न बाद बेबसाइट पर आ गया। रिजल्ट को लेकर छात्र छात्राओं और अभिभावकों में दोनों में बेचैनी रही। कई छात्रों ने मोबाइल के माध्यम से तो कई ने घर पर ही इंटरनेट पर रिजल्ट देखा। कुछ ने साइवर कैफे का सहारा लिया। पहला बोर्ड होने के कारण छात्र खासे चिंतित थे। रिजल्ट आने के बाद तो पूछना ही क्या। सफलता मिलने पर जम कर धमा चौकड़ी मचाई। घरों में खूब मिठाइयां बंटी। मंदिरों में प्रसाद चढ़े। फोन से मित्रों और रिश्तेदारों व नातेदारों को रिजल्ट के बारे में जानकारी दी गई। रिजल्ट चकाचक होने की वजह से अधिकांश छात्रों के चेहरे पर मुस्कान देखते ही बन रही थी।