निचलौल। वृक्ष प्रकृति को हरियाली और जीवन को खुशहाली से भरते हैं। इसलिए सभी को पौधरोपण करना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। यह बातें प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे ने रविवार को ग्राम बैदौली स्थित ब्रह्मर्षि बावरा शैलेंद्र ममतागृह में आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत परिसर में आंवला, आम, रुद्राक्ष, अशोक और कदंब समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस दौरान ‘वृक्ष संरक्षण से प्रकृति संरक्षण’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें करीब 30 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। वरिष्ठ वर्ग में अंकित कनौजिया ने प्रथम, अभिषेक कुशवाहा ने द्वितीय और अविनाश कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कनिष्ठ वर्ग में अजीत कुशवाहा प्रथम, आंचल मौर्य द्वितीय और सत्येंद्र मौर्य तृतीय रहे। विजेताओं समेत अन्य प्रतिभागी विद्यार्थियों को निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार राव ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व रमेश कुमार और रंजीत खरवार ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वन क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार राव ने प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे को प्रतीक चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरिकेश गुप्ता ने किया। इस दौरान वन दरोगा अशोक कुमार, हरिराम यादव, पन्नेलाल, रविंद्र प्रताप सिंह, मोवीन अली समेत अन्य लोग मौजूद रहे।