Lakhimpur Kheri: प्रेमिका से मिलने आए युवक की पीटकर हत्या, घरवालों ने लड़की को भी बेरहमी से पीटा
लखीमपुर खीरी के गांव मिर्जापुर में प्रेमिका से मिलने आए युवक की हत्या कर दी गई। प्रेमिका के घरवालों ने मंगलवार तड़के करीब पांच बजे उसे पकड़ लिया। घर के अंदर ही उसे बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घरवालों ने लड़की को भी पीटा है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार की अलसुबह प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी को घरवालों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आक्रोशित परिजनों ने युवक पर लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार से हमला किया। बाद में पीट-पीटकर युवक की हत्या कर दी। परिजनों ने हाथ-पैर बांधकर युवती की भी पिटाई लगाई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम मिर्जापुर निवासी विनोद का 19 वर्षीय पुत्र नागेश मंगलवार तड़के चार बजे घर से कुछ दूरी पर प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। जानकारी होने पर युवती के परिजन आक्रोशित हो उठे। बताते हैं कि परिजनों ने युवती और युवक को एकसाथ पकड़ा था। इस पर परिजनों ने नागेश पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
लड़की के परिजनों के चंगुल से छूटा लहूलुहान हालत में युवक उसी के घर में छिप गया। उसने किसी तरह डायल-112 पुलिस को फोन कर सूचना दे दी। कुछ देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने नागेश को बाहर निकाला और गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले गई। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लड़की गंभीर घायल
ग्रामीणों के मुताबिक लड़की के परिजनों ने युवक के साथ ही लड़की की भी जमकर पिटाई लगाई, जिससे वह भी गंभीर हो गई। घटना के बाद लड़की को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, तब उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। सूचना पर सीओ मितौली शमशेर बहादुर सिंह, एसओ नीमगांव श्रद्धा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच की। पुलिस के आने की सूचना पर लड़की के परिजन घर में ताला लगाकर भाग गए। एएसपी नैपाल सिंह भी मौके पर पहुंच छानबीन की।