फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lakhimpur Kheri News ›   चोरों ने पहले घर खंगाला फिर लगा दी आग

चोरों ने पहले घर खंगाला फिर लगा दी आग

Thu, 09 Nov 2017 06:14 PM IST
Updated Thu, 09 Nov 2017 06:14 PM IST
विज्ञापन
चोरों ने पहले घर खंगाला फिर लगा दी आग
विज्ञापन

लखीमपुर खीरी।
शहर के मोहल्ला काशीनगर के अर्जुन नगर में बुधवार की रात चोरों ने एक मकान का ताला तोड़ दिया और घर में रखे करीब 22 हजार रुपये समेत चार लाख के जेवर चुरा ले गए। चोरों ने जाने से पहले घर में आग लगा दी, जिससे रजाई-बिस्तर, कपड़े सहित घर में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग इतनी भीषण थी कि दीवारें भी चटक गईं। अग्निकांड में सोने-चांदी के कई गहने भी गल गए। उधर, मोहल्ले के ही एक अन्य मकान से चोर 15 हजार रुपये समेत करीब दो लाख रुपये के जेवर ले गए।
सीतापुर जिले के टिकौला (भदफर) निवासी सुशील वर्मा का अर्जुन नगर में मकान है। मकान मालिक सुशील कुमार वर्मा ने बताया वह गांव में रहते हैं, जबकि पत्नी मधुबाला और एक पुत्र शिवांश अर्जुनगर स्थित मकान में रहते हैं। मंगलवार को पत्नी और पुत्र गांव टिकौला चले आए। घर पर ताला पड़ा था। बुधवार की रात चोरों ने मेन गेट पर लगा ताला तोड़ दिया और भीतर घुस गए।
विज्ञापन

घर के अंदर रखे बक्सों आदि का ताला तोड़कर चोर उसमें से करीब 22 हजार रुपये, दो जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी झाला, तीन जोड़ी कुंडल, टॉप्स, सोने का हार, जंजीर, 11 सोने की गिन्नी, करधनी, पायलें, 40 चांदी के सिक्के समेत करीब चार लाख का सामान बटोर ले गए। जाने से पहले चोरों ने घर में आग लगा दी, जिससे कमरों में रखे बेड, बिस्तर, कपड़े, फ्रिज, सभी कागजात आदि जल गए। गुरुवार की तड़के करीब चार बजे पड़ोसी अनिल तिवारी ने घर के अंदर धुआं उठता देखा तो उन्होंने आग लगने की जानकारी मकान मालिक को मोबाइल पर दी। सूचना पर सुबह करीब छह बजे सुशील वर्मा परिवार के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर आग सुलग रही थी। उन्होंने मौके पर एकत्र हुए लोगों की मदद से जैसे-तैसे घर में सुलग रही आग बुझाई। घर में इधर-उधर छुपाकर रखे सोने-चांदी का जेवर आग में गल चुके थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

उधर, इसी मोहल्ले के गौरव कुमार तिवारी के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। गौरव ने बताया कि वह परिवार समेत बाहर गए थे। चोर दीवार कूदकर घर में घुस आए। चोर लॉक और ताले तोड़कर 15 हजार रुपये और करीब दो लाख के जेवर चुरा ले गए। दोनों मामलों की तहरीर पुलिस को दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

जिसने देखा वही सिहर उठा
चोरी के बाद घर में आग लगाने की घटना शायद जिले की पहली घटना है। मौके पर पहुंचे लोग घर के अंदर का मंजर देख एक बार सिहर उठे। परिवार की महिलाएं विलख रही थीं। आसपास की महिलाएं और लोग परिवार के लोगों को ढांढस बंधा रहे थे।

मोहल्ले वाले बोले, नहीं होती गश्त
घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में पुलिस के प्रति काफी नाराजगी थी। मोहल्ले वालों का कहना है कि पुलिस मोहल्ले में रात में एक बार भी गश्त नहीं करती। पुलिस की गश्त न होने से चोर बेखौफ हैं। लगातार मोहल्ले में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस न तो रिपोर्ट दर्ज करती है और न ही गश्त बढ़ाती है। मोहल्ले वालों ने बढ़ रही घटनाओं के लिए पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

...कहीं रंजिशन तो नहीं हुई घटना
चोरी के बाद घर में आग लगाने की घटना लोगों के साथ ही पुलिस के भी गले नहीं उतर रही है। सोने के कंगन, समेत काफी जेवर आग में गल गए हैं। माना जा रहा है कि जब चोर चोरी करने की ही नीयत से आए थे तो सारे जेवर साथ ले जाते। उन्हें आग लगाकर नष्ट क्यों किया। पुलिस इस घटना को रंजिश से जोड़कर देख रही है।


मैं मौके पर गया था। काफी संख्या में सोने-चांदी के गहने गली अवस्था में मिले हैं। प्रथम दृष्टया घटना रंजिशन होना दिख रही है। फिलहाल, हर पहलू पर जांच की जा रही है। अभी गृहस्वामी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलेगी तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
- सुमित कुमार, चौकी इंचार्ज राजापुर पुलिस चौकी
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed