यूपी में योगी सरकार के 100 दिन पूरे हो चुके हैं। इन दिनों में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुछ ऐसे बड़े फैसले लिए हैं जिनसे प्रदेश की सूरत बदल सकती है। आज हम आपको बताते हैं मुख्यमंत्री के 10 बड़े फैसलों के बारे में...
उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के उद्देश्य से योगी सरकार आने के बाद एंटी रोमियो स्क्वाड बनाया गया। इसके तहत यूपी के हर जिले में तकरीबन पांच पुलिसकर्मियों की एक टीम का गठन किया गया जो सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं व लड़कियों के साथ छेड़खानी कर रहे युवकों को हिरासत में ले रही है। इसका बड़ा असर देखने को मिल रहा है।
उत्तर प्रदेश चुनावों के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में चल रहे अवैध बूचड़खानों पर प्रतिबंध लगाए जाने का मुद्दा जोर शोर से उठाया था। सरकार बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने अवैध बूचड़खानों पर बैन लगाए का आदेश दिया था। इसके तहत प्रदेश में चलने वाले कई अवैध बूचड़खानों को सील कर दिया गया।
सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में अहम फैसला लेते हुए किसानों की कर्ज माफी की थी। इसमें लघु एवं सिमांत किसानों द्वारा लिए गए एक लाख रुपये तक के कर्ज माफ किए गए। इसके लिए योगी आदित्यनाथ सरकार बैंक को 36,359 करोड़ रुपये देगी।
सरकार बनने के फौरन बाद हरकत में आते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रियों की संपत्ति का ब्यौरा 15 दिनों में मांगा। हालांकि, कई मंत्रियों द्वारा 15 दिनों में ब्यौरा न दिए जाने के बाद सीएम ने दोबारा पत्र लिखा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने यूपी की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का आदेश दिया। इसके लिए 15 जून तक का समय दिया गया है। हालांकि, 15 जून तक कई शहरों में यह कार्य पूरा नहीं किया जा सका है।