Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   High Court shocked by lawyers criminal records Details of assets and businesses sought

काला कोट और अपराध का गठजोड़!: हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने जताई हैरानी, वकीलों की कुंडली खंगालने का दिया आदेश

Tue, 24 Nov 2026 10:34 AM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: Bhupendra Singh Updated Tue, 24 Nov 2026 10:34 AM IST
सार

लखनऊ जिला कोर्ट परिसर में मारपीट और संपत्ति कब्जे के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने आरोपी वकीलों की संपत्ति और आयकर रिटर्न का ब्योरा तलब किया है। साथ ही कोर्ट ने गंभीर अपराधों और जमीन कब्जे में शामिल वकीलों की सूची मांगी है और पुलिस कमिश्नर को वर्ष 2010 से अब तक की ऐसी घटनाओं का रिकॉर्ड पेश करने का आदेश दिया है।

विज्ञापन
High Court shocked by lawyers criminal records Details of assets and businesses sought
हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ का आदेश। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जिला कोर्ट परिसर में वादकारी और दिल्ली से आए उनके अधिवक्ताओं के साथ मारपीट के मामले में वकीलों के आपराधिक इतिहास को लेकर हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने हैरानी जताई है। पुलिस के खुफिया विभाग की रिपोर्ट देखने के बाद अदालत ने कहा कि इससे बहुत ही दुखद तस्वीर सामने आ रही है। 

विज्ञापन


न्यायालय ने मामले में कथित रूप से शामिल वकीलों सौरभ कुमार वर्मा, हर्षित पांडेय उर्फ यश और अभय प्रताप वर्मा को आयकर रिटर्न, चल-अचल संपत्तियों, व्यवसाय और पिछले पांच वर्षों में संपत्तियों की खरीद-बिक्री का ब्योरा शपथपत्र के साथ दाखिल करने का आदेश दिया है। तीनों के जेल में होने के कारण जेल प्रशासन को उनके वकीलों से मुलाकात कराने का निर्देश भी दिया है।

विज्ञापन
Trending Videos

ऐशबाग मामले के 19 आरोपियों में से 13 गिरफ्तार

न्यायमूर्ति राजन राय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ल की खंडपीठ ने स्वत: संज्ञान जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया। इसी के साथ ऐशबाग के विवादित परिसर पर जबरन कब्जे समेत 34 मामलों की सुनवाई हुई। सरकार ने बताया कि ऐशबाग मामले के 19 आरोपियों में से 13 गिरफ्तार हैं। इनमें छह को जमानत मिल चुकी है। फरार छह आरोपियों की उद्घोषणा और कुर्की के लिए निचली अदालत में प्रार्थनापत्र दिया गया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि अग्रिम जमानत अर्जी लंबित होने से इस कार्रवाई पर रोक नहीं लगती। हाईकोर्ट ने जनपद न्यायाधीश लखनऊ से रिपोर्ट भी मांगी।

आपराधिक इतिहास वाले वकीलों की सौंपी गई सूची

सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से आपराधिक इतिहास वाले 225 वकीलों की एक सूची भी कोर्ट को सौंपी गई। न्यायालय ने कहा कि इसमें छोटे मामले का सामना कर रहे वकीलों के भी नाम हैं जो किसी के भी खिलाफ हो सकते हैं। हमें गंभीर अपराधों व संपत्तियों पर कब्जा करने वाले वकीलों की जानकारी चाहिए। 
 
विज्ञापन

इस पर सरकार की ओर से बताया गया कि 13 ऐसे वकील हैं, जिनका लंबा आपराधिक इतिहास है और 82 ऐसे वकीलों की भी पहचान की गई है जो जमीन-संपत्ति कब्जे में शामिल रहते हैं। न्यायालय ने उनकी सूची प्रस्तुत करने का आदेश दिया। वहीं, दो अन्य याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अदालत ने एक अधिवक्ता पर आरटीआई से सूचना मांगने और जनहित याचिका दाखिल करने पर रोक लगा दी। उस पर इनके दुरुपयोग का आरोप है।

लखनऊ पुलिस कमिश्नर से तलब किया ब्योरा

वकीलों की ड्रेस में उत्पात करने वालों से जुड़े मामले में अगली सुनवाई 27 नवंबर को तय की है। कोर्ट ने पुलिस कमिश्नर, लखनऊ समेत अन्य अधिकारियों को वर्ष 2010 से ऐसे लोगों से संबंधित आपराधिक घटनाओं और मामलों की जांच का ब्योरा पेश करने का निर्देश दिया है। 

पूर्व आदेश के तहत जांच के लिए पुलिस सेल गठित की थी। सेल ने वर्ष 2020 से ऐसी घटनाओं का डाटा जुटाया, जबकि इससे पहले का ब्योरा शामिल नहीं किया। इस पर कोर्ट ने 2020 को कटऑफ डेट निर्धारित करने का कारण पूछा। कोर्ट ने कहा कि कोई बाधा नहीं होने पर जांच का दायरा वर्ष 2010 तक बढ़ाया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed