Hamirpur: हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से छह बीघा फसल राख, पीड़ित बोला- एक लाख से अधिक का नुकसान हुआ
Hamirpur News: भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से लगभग छह बीघा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र के मवईजार गांव में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से करीब छह बीघे की फसल जलकर खाक हो गई। किसानों के साथ फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस घटना में किसान को एक लाख से अधिक का नुकसान होने की संभावना है।
मवईजार निवासी राजेंद्र प्रसाद कुशवाहा का निजी नलकूप है। उनके करीब छह बीघे खेत में गेहूं की फसल हो रखी थी। फसल पककर तैयार थी, लेकिन शनिवार को सुबह करीब 11:00 बजे ट्रांसफार्मर के पास से चिंगारी निकली और उसके पकी खड़ी फसल पर आग लग गई।
आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया,लेकिन फायर ब्रिगेड के आने के बाद ही आग बुझ सकी। किसान राजेंद्र कुशवाहा ने बताया कि इस घटना में एक लाख से अधिक का उसका नुकसान है। बताया कि पिछले साल भी हाईटेंशन लाइन से उसके खेत में आग लगी थी।
शिकायत की थी, नहीं हुई सुनवाई
हालांकि, किसी तरह से काबू कर ली गई थी। बताया कि उसके खेत से हाईटेंशन लाइन की दो अलग-अलग लाइन पड़ी हुई है। इससे उसकी फसल हमेशा हादसे की चपेट में बनी रहती है।ब ताया कि जब लाइन बिछाई जा रही थी। तब उसने इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई थी।