Kanpur: सीमांचल, नार्थ ईस्ट, महानंदा खचाखच भरीं, शौचालय में कर रहे यात्रा…रोडवेज बसों में भारी भीड़
Kanpur News: बिहार, हावड़ा, मुंबई और दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है, लेकिन इनमें यात्रियों की संख्या कम है। इसकी बड़ी वजह इन ट्रेनों की लेटलतीफी है। ये ट्रेनें अपने निर्धारित समय से चार से पांच घंट देरी से चल रही हैं।
विस्तार
दीपावली और छठ पूजा में घर जाने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी है। लंबी वेटिंग होने से कई ट्रेनों में आरक्षण बंद कर दिया गया है। सबसे अधिक भीड़ बिहार, झारखंड, हावड़ा और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में है। इस रूट की ट्रेनें खचाखच भरी हैं। लोग शौचालय में यात्रा कर रहे हैं। वहीं, झकरकटी बस अड्डे से रात में पूर्वांचल के लिए जाने वाली बसों में काफी भीड़ है।
मंगलवार को सेंट्रल स्टेशन से गुजरीं 10 से अधिक ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं रही। लोग शौचालय में बैठे दिखे। सीमाचंल, नार्थ ईस्ट, पनवेल, महानंदा, महाबोधी, पटना, बरौनी एक्सप्रेस में स्लीपर और एसी कोच में भी कई यात्री वेटिंग का टिकट लेकर यात्रा करते मिले। उन्हें रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी की टीम ने नीचे उतारकर जनरल बोगियों में भेजा।
इस दौरान रेलवे स्टाफ और यात्रियों के बीच नोकझोंक हुई। एसीएम संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। अत्यधिक भीड़ वाले जनरल कोच के यात्रियों को दूसरी ट्रेनों से भेजा जा रहा है।
स्पेशल ट्रेनों में सीटें खाली
बिहार, हावड़ा, मुंबई और दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है, लेकिन इनमें यात्रियों की संख्या कम है। इसकी बड़ी वजह इन ट्रेनों की लेटलतीफी है। ये ट्रेनें अपने निर्धारित समय से चार से पांच घंट देरी से चल रही हैं। यह लंबी दूरी तक पहुंचते पहुंचते आठ से नौ घंटे तक लेट हो जा रही हैं। इन ट्रेनों में अलीगढ़, टूंडला, झांसी, प्रयागराज जाने वाले यात्री जा रहे हैं।
गोरखपुर, वाराणसी के यात्री ज्यादा
मंगलवार को झकरकटी बस अड्डे से गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर, गोंडा, बस्ती वाली बसों में भीड़ रही। रायबरेली, बांदा, फर्रुखाबाद, दिल्ली, टूंडला, आगरा वाली बसें भी भरी गईं। इन रूटों पर भी अतिरिक्त बसें लगाई गईं हैं। यूपीएसआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि सभी रूटों के लिए पर्याप्त बसें हैं। अगर किसी भी रूट पर बसें कम पड़ती हैं तो दूसरी बसों को भेजा जा रहा है।