Kanpur Weather Update: पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हो सकती है बूंदाबांदी, फिर लू वाली गर्मी होने का अनुमान
Weather News: मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं और मौसमी गतिविधियों के आपस में मिलने से बादल बनने के साथ बारिश हुई। पश्चिमी हवाओं का आना दो जून से और तेज होने की संभावना है। इनके आने के बाद गर्मी बढ़ेगी। जून के पहले सप्ताह में लू वाली गर्मी होने का अनुमान है।
विस्तार
कानपुर में अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी लेकर आईं हवाओं ने शुक्रवार को बारिश करा दी। शाम चार बजे के बाद 60-65 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली, जिससे पेड़ गिर गए। लोगों की छतों पर रखा सामान उड़ गया।
सीएसए की मौसम वेधशाला में 5.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले पांच दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। शाम के समय गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। वेधशाला के मुताबिक शुक्रवार की सुबह माहौल में नमी का प्रतिशत 68 रहा।
वहीं, दोपहर को यह 38 प्रतिशत हो गई। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ की हवाओं के साथ नमी आ रही है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर चक्रवाती हवाओं के घेरे बने हैं। बादलों की शृंखला भी बनी है।
लू वाली गर्मी होने का अनुमान
हवाओं और मौसमी गतिविधियों के आपस में मिलने से बादल बनने के साथ बारिश हुई। इस तरह का मौसम शाम के वक्त कभी भी हो सकता है। पश्चिमी हवाओं का आना दो जून से और तेज होने की संभावना है। इनके आने के बाद गर्मी बढ़ेगी। जून के पहले सप्ताह में लू वाली गर्मी होने का अनुमान है।
तापमान
अधिकतम-39.9 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम-28.2 डिग्री सेल्सियस