कानपुर: ‘मारा कहीं, फेंका यहीं’, सुनसान इलाकों को चुन रहे हैं अपराधी, ऐसे छिपा रहे कत्ल के राज, पढ़ें रिपोर्ट
Kanpur Crime News: कानपुर और आसपास के बाहरी इलाकों को अपराधी कत्ल के बाद साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने के लिए डमपिंग यार्ड के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस सर्विलांस से कई मर्डर मिस्ट्री सुलझाई गई हैं, लेकिन कई अज्ञात शव आज भी पहेली बने हैं।
विस्तार
मारो कहीं, फेंको यहीं...अपराधियों की यह सोच अब शहर और उससे सटे इलाकों में साफ दिखाई देने लगी है। हत्या कहीं और करने के बाद शव को ठिकाने लगाने, साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए अपराधी शहर के बाहरी और सुनसान इलाकों को चुन रहे हैं। नहर किनारे, खेतों के बीच, जंगलों, झाड़ियों और वीरान सड़कों पर मिल रहे शव इसकी गवाही दे रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों से अब तक ऐसे कई मामले सामने आए हैं।
इनमें हत्यारोपियों ने पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े किए, जलाया, कूंचा और सुनसान जगह फेंक दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से कई हत्याकांडों का पर्दाफाश किया लेकिन कुछ मामले ऐसे भी हैं जिनमें मृतकों की पहचान तक नहीं हो सकी। हाल में ही कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार और राष्ट्रीय बॉक्सर मंतशा कुमारी के शव भी दूसरे जिलों से लाकर यहीं फेंके गए।
ये इलाके अपराधियों के लिए मुफीद
सचेंडी, पनकी, चकेरी, महाराजपुर, सजेती, घाटमपुर, साढ़, सेन पश्चिम पारा, बिधनू और रेउना जैसे थाना क्षेत्रों में समय-समय पर अज्ञात शव मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। शहर की सीमा से लगे होने, कम आबादी और लंबे सुनसान रास्तों के कारण ये स्थान अपराधियों को मुफीद नजर आते हैं। नहर किनारे और जंगलों में शव फेंकने की घटनाएं भी इसी ओर इशारा करती हैं।
पहचान मिटाने के लिए अपनाते क्रूर तरीके
कई मामलों में अपराधी शव जलाने, चेहरे को क्षतविक्षत करने, हाथ-पैर बांधने या कपड़े हटाने जैसी हरकतें करते हैं, ताकि मृतक की पहचान न हो सके। कुछ मामलों में शवों को बोरे, पॉलिथीन या चादर में बांधकर फेंका जाता है। अपराधियों की मंशा होती है कि पहचान में देरी हो और उन्हें फरार होने का समय मिल जाए।
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती
शव मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे पहली चुनौती मृतक की पहचान करना होती है। पहचान होने के बाद ही उसके संपर्कों, पारिवारिक विवाद, रंजिश और आखिरी बार देखे जाने की जानकारी जुटाकर जांच आगे बढ़ती है। इसके लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल, सर्विलांस, सोशल मीडिया गतिविधियों और फॉरेंसिक जांच का सहारा लेती है। हालांकि, लंबे समय बाद शव मिलने या उसे जलाए जाने की स्थिति में साक्ष्य जुटाना और आरोपियों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
केस-1: बार एसोसिएशन अध्यक्ष की हत्या, नहर में फेंका शव
एक नवंबर 2026 को कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की जमीन के विवाद में सुपारी लेकर हत्या कर दी गई। तीन बदमाशों ने अपहरण के बाद ट्रक के जैक से सिर कूंचकर उनकी हत्या की और शव को गुजैनी की गंभीरपुर नहर में फेंक दिया। पुलिस ने जांच के बाद इस हत्याकांड में पांच लोगों को जेल भेजा।
केस-2: शादी का दबाव बना मौत की वजह, महोली मोड़ पर फेंका शव
छह नवंबर 2026 को राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सर और जिम ट्रेनर मंतशा कुमारी का शव महाराजपुर के महोली मोड़ के पास मिला था। वह उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के अखलाकनगर की निवासी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती अपने प्रेमी पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी के बाद उसकी जहर से मौत हो गई। युवक ने डर के कारण शव को महाराजपुर क्षेत्र में फेंक दिया और भाग निकला।
केस-3: ग्राइंडर से टुकड़े कर शव जलाया, जंगल में फेंका
दो जून 2026 को फतेहपुर के बकेवर निवासी विजय निषाद की प्रेम प्रसंग के चलते हत्या कर दी गई थी। ग्राइंडर से शव के टुकड़े करने के बाद दंपती ने उसे रेउना थाना क्षेत्र के जंगल में फेंककर जला दिया था। पुलिस ने जांच के बाद हत्याकांड का खुलासा किया।
केस-4: भाई ने की हत्या, चकेरी की झाड़ियों में जलाया शव
22 सितंबर 2025 को फतेहपुर के जलालपुर न्यूरी गांव निवासी मानस पाल की उसके बड़े भाई ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को चकेरी के मथुरापुर गांव की झाड़ियों में फेंककर आग लगा दी थी।
पहेली बन गए ये मामले
- 17 जून 2023 को पुलिस कमिश्नर आवास से चंद कदम दूर एक गली में तीन बोरियों में युवक का पांच हिस्सों में कटा शव मिला था। पोस्टमार्टम में दोनों हाथ, पैर, सिर और शरीर के हिस्से ग्राइंडर मशीन से काटे जाने की पुष्टि हुई। युवक की तस्वीरें और विवरण देशभर में प्रसारित किए लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।
- दिसंबर 2024 में सचेंडी के भौंती-भीमसेन मार्ग स्थित सुजानपुर रेलवे अंडरपास के पास पॉलिथीन में लिपटा युवती का अधजला शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान मौके से एक रिंच और नशीली गोलियों की पोटली मिली थी। बावजूद इसके न युवती की पहचान हो सकी और न ही उसके हत्यारों का पता चल पाया।
हत्या कर शव को सुनसान इलाकों में फेंकने और पहचान मिटाने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अज्ञात शव मिलने पर उसकी पहचान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाएं। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। -रघुबीरलाल, पुलिस कमिश्नर